Home » हीरा मंडी में नजर आएंगी आलिया? भंसाली के साथ फ्री में काम करने को तैयार

हीरा मंडी में नजर आएंगी आलिया? भंसाली के साथ फ्री में काम करने को तैयार

by Bhupendra Sahu

निर्देशक संजय लीला भंसाली ने ना सिर्फ निर्देशक, बल्कि निर्माता और संगीत निर्देशक के तौर पर भी अपनी सिनेमाई समझ का परिचय दिया है। खूबसूरत कहानियों के जरिए बॉलीवुड में उन्होंने अपनी एक अमिट छाप छोड़ी है। शायद यही वजह है कि बॉलीवुड का हर छोटा-बड़ा कलाकार उनके विजन का हिस्सा बनना चाहता है। अब आलिया भट्ट को ही ले लीजिए, जो गंगूबाई काठियावाड़ी में भंसाली के साथ काम कर उनकी मुरीद हो गई हैं।
सूत्रों को मिली जानकारी के मुताबिक आलिया भट्ट ने संजय लीला भंसाली की वेब सीरीज हीरा मंडी में काम करने की इच्छा जाहिर की थी। सूत्र ने बताया, आलिया ने भंसाली से कहा था कि किरदार चाहे कोई भी हो, चलेगा। वह हीरा मंडी में मुफ्त में काम करने को तैयार हैं। हालांकि, भंसाली ने आलिया के इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया और कहा कि उन्हें उनकी मार्केट वैल्यू के हिसाब से ही फीस दी जाएगी।

हीरा मंडी में सोनाक्षी सिन्हा और हुमा कुरैशी मुख्य भूमिका निभा रही हैं। इस वेब सीरीज में कुल सात एपिसोड हैं। इसके पहले एपिसोड का निर्देशन खुद भंसाली करेंगे और बाकी एपिसोड के निर्देशन की जिम्मेदारी विभु पुरी को दी गई है। इससे पहले भंसाली इस सीरीज में केवल प्रोड्यूसर की भूमिका निभाने वाले थे। हीरा मंडी भंसाली का ड्रीम प्रोजेक्ट है। आपको जानकर हैरानी होगी कि वह पिछले 12 सालों से इस प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं।
आलिया भट्ट ने पहली बार फिल्म गंगूबाई काठियावाड़ी में संजय लीला भंसाली के साथ काम किया है। यह फिल्म हुसैन जैदी की लिखी गई किताब माफिया च्ीन ऑफ मुंबई पर आधारित है।

जैदी ने अपनी इस किताब में गुजरात के काठियावाड़ी की एक लड़की गंगा हरजीवनदास की जिंदगी के कई परतों को खोला है। इसमें उन्होंने कई झकझोर देने वाले हादसों का भी जिक्र किया है। इस फिल्म में आलिया ने गंगूबाई का किरदार निभाया है।
आलिया फिल्म आरआरआर से साउथ इंडस्ट्री में कदम रख रही हैं। उन्हें निर्देशक अयान मुखर्जी की फिल्म ब्रह्मास्त्र में रणबीर कपूर के साथ देखा जाएगा। आलिया करण जौहर की फिल्म तख्त में भी एक अहम भूमिका निभाएंगी। वह शाहरुख खान के होम प्रोडक्शन में बन रही फिल्म डार्लिंग्स का हिस्सा हैं। इससे पहले दोनों डियर जिंदगी में साथ काम कर चुके हैं। करण जौहर की रोमांटिक फिल्म रॉकी और रानी की प्रेम कहानी में भी आलिया अपनी मौजूदगी दर्ज कराएंगी।

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More