Home » शुभमन गिल ने विराट कोहली का 10 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़कर रचा इतिहास

शुभमन गिल ने विराट कोहली का 10 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़कर रचा इतिहास

by Bhupendra Sahu

नईदिल्ली। गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में इतिहास रच दिया है. वो अब आईपीएल में 4000 रन बनाने वाले सबसे कम उम्र के बल्लेबाज बन गए हैं. उन्होंने यह उपलब्धि रविवार (12 अप्रैल) को इकाना क्रिकेट स्टेडियम में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 26 साल और 216 दिन की उम्र में हासिल की.
इससे पहले ये रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम था. जिन्होंने 2016 में 27 साल और 195 दिन की उम्र में यह मुकाम हासिल किया था. अब यह रिकॉर्ड गिल के नाम हो गया है.
इसके अलावा शुभमन गिल ने ये कारनामा 118 पारियों में में अंजाम दिया, जिससे वह आईपीएल में 4,000 रन बनाने वाले दूसरे सबसे तेज भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं. उनसे आगे सिर्फ केएल राहुल हैं, जिन्होंने 105 पारियों में यह कारनामा किया था. सभी खिलाडिय़ों में, राहुल के अलावा सिर्फ क्रिस गेल (112 पारियां), डेविड वॉर्नर (114) और जोस बटलर (116) ही गिल से पहले इस मुकाम तक पहुंचे हैं.
गिल ने 2018 में कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ इस आईपीएल में अपने सफर की शुरुआत की थी. उन्होंने इस फ्रेंचाइजी के लिए चार सीजन खेले और 58 मैचों में 1,417 रन बनाए. इसके बाद वो 2022 सीजन से पहले गुजरात टाइटंस में शामिल हो गए. जो उनके करियर का एक अहम मोड़ साबित हुआ. इस फ्रेंचाइजी में गिल ने अपने खेल को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया. तब से, उन्होंने 63 मैचों में 2,580 से अधिक रन बनाए हैं, जिसमें उनका औसत 46 से अधिक और स्ट्राइक रेट लगभग 150 रहा है. खास बात यह है कि 2022 सीजन की शुरुआत के बाद से आईपीएल में किसी भी बल्लेबाज ने उनसे ज्यादा रन नहीं बनाए हैं. गिल ने इस टूर्नामेंट में 27 अर्धशतक और चार शतक लगाए हैं.
आज के मैच में शुभमन गिल ने एक संयमित लेकिन दमदार पारी खेली, जिसमें उन्होंने 40 गेंदों पर 56 रन बनाए, जिसमें छह चौके और एक छक्का शामिल था. इस पारी की बदौलत गुजरात टाइटन्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को सात विकेट से हरा दिया.
गिल ने पहले विकेट के लिए जोस बटलर के साथ 84 रनों की एक महत्वपूर्ण साझेदारी की. बटलर ने 37 गेंदों पर 60 रन बनाए. हालांकि, उनकी पारी तब समाप्त हो गई जब प्रिंस यादव ने उन्हें एक तेज शॉर्ट बॉल से चौंका दिया, जिससे गेंद उनके ग्लव्स से टकराकर विकेट के पीछे ऋषभ पंत के हाथों में चली गई. लेकिन वॉशिंगटन सुंदर और राहुल तेवतिया ने आठ गेंदें शेष रहते 165 रन चेज करके टीम को जीत दिला दी.

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More