Home » साहू समाज ने भक्त माता कर्मा के त्याग, सेवा और समर्पण को किया आत्मसात : अरुण साव

साहू समाज ने भक्त माता कर्मा के त्याग, सेवा और समर्पण को किया आत्मसात : अरुण साव

by Bhupendra Sahu

रायपुर उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव तथा केंद्रीय आवास और शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू आज मुंगेली जिले के ग्राम पौनी में भक्त माता कर्मा जयंती कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने भक्त माता कर्मा के त्याग, सेवा और समाज के प्रति समर्पण को स्मरण कर नमन किया। विधायक श्री पुन्नूलाल मोहले भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

भक्त माता कर्मा जयंती में शामिल हुए उप मुख्यमंत्री

उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कार्यक्रम में साहू समाज के लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि भक्ति और समर्पण की प्रतीक भक्त माता कर्मा का जीवन हमें समाज सेवा की प्रेरणा देता है। भगवान श्रीकृष्ण के प्रति उनकी अटूट श्रद्धा और समर्पण भारतीय संस्कृति में भक्ति का अद्भुत उदाहरण है।

उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि इस पवित्र भूमि पर महान संत-महात्माओं ने जन्म लिया, जिनसे पूरे समाज को मार्गदर्शन मिला। ऐसे ही इस धरती में भक्त माता कर्मा का अवतरण हुआ। उन्होंने भक्ति के दम पर भगवान श्रीकृष्ण को प्रसन्न कर उन्हें खिचड़ी खिलाई।

श्री साव ने कहा कि साहू समाज का इतिहास अत्यंत गौरवशाली रहा है। भामा शाह जैसे महान दानवीर पैदा हुए हैं, उन्होंने अपने राज्य की रक्षा के लिए अपनी सारी संपत्ति दान कर दी। उन्होंने कहा कि ईमानदारी और मेहनत साहू समाज की सबसे बड़ी ताकत है। सभी समाजों को साथ लेकर चलने की ताकत साहू समाज में है, इसे बरकरार रखना है।

श्री साव ने कहा कि समाज में शिक्षा का विस्तार हुआ है, सबसे बड़े समाज को सबसे अच्छा समाज बनाना होगा। बच्चों को संस्कारवान और विचारवान बनाना है। आजकल बच्चों में संस्कार की कमी हो रही है। इसके लिए प्रत्येक परिवार को चिंता करनी है। देश में साहू समाज को जाना जाए, ऐसा कार्य करके दिखाना है।

केंद्रीय आवास और शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने अपने संबोधन में कार्यक्रम में मौजूद लोगों को माता कर्मा के बताए भक्ति मार्ग पर चलने की अपील की। पूर्व सांसद श्री लखनलाल साहू, मुंगेली जिला साहू समाज के अध्यक्ष श्री पुहुप राम साहू, संरक्षक श्री बलदाऊ साहू, जिला पंचायत के अध्यक्ष श्री श्रीकांत पाण्डेय, जनपद अध्यक्ष श्री रामकमल सिंह परिहार और श्री दीनानाथ केशरवानी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, साहू समाज के पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में कार्यक्रम में मौजूद थे।

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More