Home » अनुशासन और कड़ी मेहनत ही सफलता का मूलमंत्र- राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा

अनुशासन और कड़ी मेहनत ही सफलता का मूलमंत्र- राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा

by Bhupendra Sahu

रायपुर शासकीय गजानंद अग्रवाल स्नातकोत्तर महाविद्यालय, भाटापारा में बुधवार को वार्षिक स्नेह सम्मेलन क्षितिज का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए प्रदेश के राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा ने जहाँ छात्र-छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित किया, वहीं कॉलेज की सुरक्षा के प्रति अपनी संवेदनशीलता दिखाते हुए परिसर की भूमि से तत्काल अतिक्रमण हटाने का सख्त आदेश दिया। राजस्व मंत्री के इस दौरे ने जहाँ कॉलेज के विकास और सुरक्षा को नई दिशा दी है, वहीं छात्रों के बीच जोश और प्रेरणा का संचार भी किया है।

सुरक्षा और सीमांकन पर जीरो टॉलरेंस

स्नेह सम्मेलन के दौरान कॉलेज प्रशासन और विद्यार्थियों ने परिसर की सुरक्षा एवं अतिक्रमण संबंधी समस्याओं से मंत्री को अवगत कराया। इस पर राजस्व मंत्री ने त्वरित संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया। कॉलेज की बाउंड्रीवाल के पास हुए बेजा कब्जे को तत्काल हटाया जाए। भविष्य में अतिक्रमण की गुंजाइश खत्म करने के लिए कॉलेज की पूरी भूमि का तत्काल सीमांकन किया जाए। छात्र-छात्राओं के लिए एक सुरक्षित और भयमुक्त शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करना शासन की प्राथमिकता है।

युवाओं के सफलता का मंत्र लक्ष्य के प्रति रहें एकाग्र

छात्रों को संबोधित करते हुए मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि वार्षिक स्नेह सम्मेलन केवल सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का अवसर नहीं, बल्कि यह युवाओं के भीतर छिपी प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता को निखारने का मंच है। उन्होंने युवाओं को सफलता के तीन सूत्र दिए। उन्होंने कहा कि जीवन में संयम और नियम ही आपको भीड़ से अलग करता है। सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, केवल कड़ी मेहनत ही स्थायी परिणाम देती है। मत्री श्री वर्मा ने कहा कि अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहें ताकि देश और प्रदेश के विकास में अपना योगदान दे सकें।

सांस्कृतिक वैभव और मेधावियों का सम्मान

कार्यक्रम के दौरान क्षितिज के मंच पर छत्तीसगढ़ी संस्कृति की अनूठी छटा बिखरी। छात्र-छात्राओं ने लोक कला और संस्कृति पर आधारित रंगारंग प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। मंत्री श्री वर्मा ने शैक्षणिक सत्र और खेलकूद प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को पदक एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस गरिमामय अवसर पर पूर्व विधायक श्री शिवरतन शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष श्री अश्वनी शर्मा, महाविद्यालय के प्राचार्य, प्राध्यापकगण सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More