मुंबई । अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कीमती धातुओं में हुयी गिरावट का असर आज घरेलू स्तर पर दिखा जहां सोना करीब डेढ़ फीसदी और चाँदी करीब ढाई फीसदी टूट गयी।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सोना हाजिर 1.07 प्रतिशत टूटकर 1909.15 डॉलर प्रति औंस पर और अमेरिका सोना वायदा 1.37 प्रतिशत गिरकर 1904.50 डॉलर प्रति औंस पर रहा। इस दौरान चाँदी 2.15 प्रतिशत फिसलकर 23.62 डॉलर प्रति औंस बोली गयी।
घरेलू स्तर पर देश के सबसे बड़े वायदा बाजार एमसीएक्स में सोना 791 रुपये फिसलकर 51470 रुपये प्रति दस ग्राम पर और सोना मिनी 710 रुपये उतरकर 51530 रुपये प्रति दस ग्राम पर रहा। इस दौरान चाँदी 1644 रुपये टूटकर 64905 रुपये प्रति किलोग्राम और चाँदी मिनी 1588 रुपये उतरकर 66 हजार रुपये प्रति किलोग्राम बोली गयी।