Home » उज्जैन में ‘शिव’ की ललकार: महाकाल का तीसरा नेत्र खुल गया है; ड्रग माफिया, भू-माफिया और दादागीरी करने वालों को तबाह कर देंगे

उज्जैन में ‘शिव’ की ललकार: महाकाल का तीसरा नेत्र खुल गया है; ड्रग माफिया, भू-माफिया और दादागीरी करने वालों को तबाह कर देंगे

by admin

उज्जैन में ‘शिव’ की ललकार:

मुख्यमंत्री ने जरूरतमंदों को ट्राइ साइकिल बांटी।
त्रिवेणी संग्रहालय में अधिकारियों के साथ मुख्यमंत्री ने महाकाल क्षेत्र विकास कार्यों की समीक्षा की

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मंगलवार दोपहर डेढ़ बजे उज्जैन पहुंचे। यहां कालिदास अकादमी में दिव्यांगों को बैटरी चलित ट्राइसाइकिल बांटने से पहले उन्होंने कहा, महाकाल का तीसरा नेत्र खुल गया है। ड्रग माफिया, भू-माफिया, जमीनों पर कब्जा करने वाले, दादागीरी करने वाले, बेटी-बहनों को छेड़ने वाले, चिटफंड कंपनी के नाम पर धोखा देने वाले सावधान हो जाएं। उन्हें तबाह और बर्बाद करके छोड़ेंगे। अपराधी सावधान हो जाएं। कोई नहीं बचेगा। माटी में मिला दूंगा।

उन्होंने कहा कि इसीलिए चौथी बार मुख्यमंत्री बना हूं। नहीं तो सोच रहा था, पांच-एक साल के लिए गए, लेकिन सवा साल में ही वनवास खत्म हो गया। अब इसी काम के लिए आए हैं। जनता के कल्याण में कसर नहीं रहेगी। माफियाओं के खिलाफ अभियान चलता रहेगा। दोपहर ढाई बजे से त्रिवेणी संग्रहालय में महाकाल विकास क्षेत्र की परियोजनाओं का निरीक्षण कर अधिकारियों के साथ बैठक की। इसके बाद विकास कार्यों का निरीक्षण किया।

400 करोड़ की भूमि छुड़वाने पर थपथपाई पीठ

मुख्यमंत्री ने नरेश जिनिंग मिल को आड़े हाथों लेते हुए कहा, जिनिंग के नाम पर 400 करोड़ की जमीन पर कब्जा जमाए बैठे हैं। सोमवार को एक ही दिन में हुई ताबड़तोड़ कार्रवाई से मुख्यमंत्री संतुष्ट दिखे।उन्होंने कहा, नरेश जिनिंग मिल, गुंडे-माफियाओं के कब्जे से जो भी जमीन मुक्त कराई जा रही है, वह भी जनता के लिए काम आएगी।

गरीबों की सेवा में कसर नहीं छोडेंगे

मुख्यमंत्री शिवराज ने कहा कि देखो भइया, भारतीय जनता पार्टी की सरकार है। दिव्यांग भाई-बहन, किसान भाई-बहन, आम जनता ही अपनी भगवान है भइया। उसकी सेवा में यह सरकार कसर नहीं रखेगी। महाकाल महराज को साक्षी मानकर कहता हूं कि इनकी सेवा में मध्यप्रदेश की पूरी सरकार खड़ी रहेगी। उन्होंने कहा कि आज स्वामी विवेकानंद जी की आज जयंती है।

राष्ट्रीय युवा दिवस है। ऐसे दिन दिव्यांगों को बैटरी चलित ट्राइसाइकिल देने से बड़ा पुण्य काम नहीं हो सकता। स्वामी विवेकानंद जी भी कहते थे कि नर सेवा नारायण सेवा। दूसरों की सेवा करने से बड़ा कोई पुण्य नहीं है। दूसरों को पीड़ा देने से बड़ा पाप नहीं है। इस अवसर पर शिवराज सरकार के मंत्री डॉ मोहन यादव, ओमप्रकाश सकलेचा, हरदीप सिंह, कमल पटेल, सांसद अनिल फिरोजिया, देवास सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी, विधायक व पूर्व मंत्री पारस जैन, विभाष उपाध्याय, विवेक जोशी मौजूद थे।

Share with your Friends

Related Articles

Leave a Comment

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More