गांधीनगर । केंद्रीय गृह मंत्री और भाजपा के दिग्गज नेता अमित शाह ने शुक्रवार को लोकसभा चुनाव के लिए गांधीनगर सीट से अपना नामांकन दाखिल किया। इस दौरान उनके साथ गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल भी मौजूद रहे।
गांधीनगर में 7 मई को वोटिंग होनी है। नामांकन दाखिल करने के बाद गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, आज मैंने गांधीनगर सीट से अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। यह मेरे लिए गर्व की बात है कि इस सीट का प्रतिनिधित्व लालकृष्ण आडवाणी, अटल बिहारी वाजपेयी ने किया और जिस सीट से पीएम नरेंद्र मोदी खुद मतदाता हैं। उसी सीट से भारतीय जनता पार्टी ने प्रतिनिधित्व करने का मुझे मौका दिया है। मैं इस सीट से 30 साल तक विधायक, सांसद रहा हूं। यहां से मैं एक बूथ कार्यकर्ता से संसद तक पहुंचा हूं। इस क्षेत्र की जनता ने अपार प्रेम मुझे दिया है।
उन्होंने आगे कहा, नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पहले मुख्यमंत्री के नाते और बाद में प्रधानमंत्री के नाते इस क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने ढेर सारे काम किए। सिर्फ इस 5 साल के अंदर 22,000 करोड़ से ज्यादा विकास के काम गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र में हुए हैं। जब-जब मैं पार्टी के लिए और मेरे स्वयं के लिए वोट मांगने के लिए आया। मुझे बड़े चाव से, बड़े मन से यहां की जनता ने आशीर्वाद दिया है और हमेशा मजबूत बहुमत के साथ चुनाव में विजयी बनाया। इस बार का चुनाव नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का चुनाव है।