उप मुख्यमंत्री ने पीडब्ल्यूडी, पीएचई और नगरीय प्रशासन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की ली बैठक
रायपुर उप मुख्यमंत्री श्री अरूण साव ने आज अपने प्रभार वाले लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी और नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने तीनों विभागों के अधिकारियों से परिचय प्राप्त कर विभागीय कामकाज के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि निर्माण कार्यों की श्रेष्ठ गुणवत्ता पहली प्राथमिकता होनी चाहिए। इसमें किसी प्रकार का कोई समझौता नहीं हो। उन्होंने सभी कार्यों को अनिवार्यत: समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। समय-सीमा में काम पूर्ण नहीं होने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी। लोक निर्माण विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री सुब्रत साहू, सचिव श्री आलोक कटियार, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन और नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के विशेष सचिव डॉ. अय्याज तंबोली भी बैठक में उपस्थित थे।
श्री साव ने तीनों विभागों की दक्षता बढ़ाने, तेजी से काम पूरा करने, कार्यों की गुणवत्ता बढ़ाने और बेहतर मॉनिटरिंग के लिए कार्यप्रणाली में सुधार लाने आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तीनों विभागों को अच्छा काम करना है और जनमानस में इन विभागों की अच्छी छवि बनाना है। उन्होंने काम का पुराना तौर-तरीका बदलते हुए निर्माण और मरम्मत के कार्यों में नई तकनीकों का उपयोग करने को कहा। श्री साव ने खाली पदों पर भर्ती के लिए पहल करने की बात कही। उन्होंने तीनों विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने तीनों विभागों के लिए आगामी बजट की तैयारियों की भी जानकारी ली।