Home » शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार में तेजी, सेंसेक्स 270 अंक उछला

शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार में तेजी, सेंसेक्स 270 अंक उछला

by Bhupendra Sahu

मुंबई। घरेलू शेयर बाजार में आज अभी तक बढ़त का रुख है। कारोबार की शुरुआत मामूली बढ़त के साथ हुई। शुरुआती कारोबार में बिकवाली का मामूली झटका भी लगा, लेकिन बाद में खरीदारों के एक्टिव हो जाने के कारण बाजार थोड़ी ही देर में निचले स्तर से रिकवरी करके वापस हरे निशान में आ गया। शुरुआती एक घंटे के बाद सेंसेक्स 0.44 प्रतिशत और निफ्टी 0.37 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। पहले 1 घंटे के कारोबार के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से टाटा मोटर्स, अपोलो हॉस्पिटल, टेक महिंद्रा, इंफोसिस और ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज 3.07 प्रतिशत से लेकर 1.25 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर अडाणी इंटरप्राइजेज, सिप्ला, डिवीज लेबोरेट्रीज, अडाणी पोर्ट्स और मारुति सुजुकी के शेयर 3.51 प्रतिशत से लेकर 0.67 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे।

अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 1,957 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 1,189 शेयर मुनाफा कमाकर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 768 शेयर नुकसान उठाकर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 24 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 6 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 39 शेयर हरे निशान में और 11 शेयर लाल निशान में कारोबार करते दिख रहे थे।
बीएसई के सेंसेक्स में आज 129.20 अंक की बढ़त के साथ 62,157.10 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के तुरंत बाद हुई बिकवाली के कारण ये सूचकांक एक बार गिरकर लाल निशान में 61,950.30 अंक तक पहुंच गया। लेकिन इसके बाद बाजार में खरीदारों ने एक्टिव हो कर लिवाली शुरू कर दी, जिससे थोड़ी देर में ही इस सूचकांक ने हरे निशान में अपनी जगह बना ली। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच शुरुआती 1 घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 270.48 अंक की बढ़त के साथ 62,298.38 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
सेंसेक्स की तरह ही एनएसई का निफ्टी भी आज 24.50 अंक की मजबूती के साथ 18,339.30 अंक के स्तर पर खुला। शुरुआती बिकवाली की वजह से ये सूचकांक भी गिरकर लाल निशान में 18,287.90 अंक तक लुढ़क गया। लेकिन इसके बाद शुरू हुई लिवाली के सपोर्ट से इस सूचकांक ने भी रिकवरी करके हरे निशान में अपनी जगह बना ली। बाजार में लगातार लिवाली और बिकवाली के बीच पहले 1 घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे निफ्टी 67.25 अंक की बढ़त के साथ 18,382.05 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
मिले जुले ग्लोबल संकेतों के बीच आज प्री ओपनिंग सेशन में घरेलू शेयर बाजार ने मामूली बढ़त के साथ कारोबार की शुरुआत की थी। इस सेशन में बीएसई का सेंसेक्स 117.56 अंक यानी 0.19 प्रतिशत की तेजी के साथ 62,145.46 अंक के स्तर पर था। वहीं निफ्टी प्री ओपनिंग सेशन में 106 अंक यानी 0.58 प्रतिशत की बढ़त के साथ 18,420.80 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ था।
इसके पहले पिछले कारोबारी सप्ताह के आखिरी दिन शुक्रवार को सेंसेक्स 123.28 अंक यानी 0.20 प्रतिशत मजबूत होकर 62,027.90 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 17.80 अंक यानी 0.10 प्रतिशत की तेजी के साथ 18,314.80 अंक के स्तर पर शुक्रवार के कारोबार का अंत किया था।
००

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More