रायपुर । राज्यपाल सुश्री अनुसुईया उइके और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल यहां राजधानी रायपुर के नेताजी सुभाष स्टेडियम में आयोजित दावते रोजा इफ्तार में शामिल हुए और प्रदेशवासियों की खुशहाली तथा सुख-समृद्धि के लिए दुआ मांगी। राज्यपाल सुश्री उइके ने दावते रोजा इफ्तार में सभी समुदाय के धर्म गुरूओं को एक साथ आमंत्रित कर आपसी भाईचारा तथा खुशहाली से मनाए जाने पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए इसके लिए मुख्यमंत्री श्री बघेल को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि रमजान का महीना बुराई का त्याग करने के लिए प्रेरित करता है और अपनी धार्मिक मान्यता के अनुरूप व्यक्ति को सदाचरण की ओर ले जाता है। उन्होंने दावते रोजा इफ्तार में सभी धर्म गुरूओं के शामिल होने पर उसे गंगा-जमुनी तहजीब का अनुपम उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश के विकास के लिए यह एकजुटता और आपसी भाईचारा महत्वपूर्ण है।
मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि रमजान का महीना इबादत का महीना है। इस महीना में लोग रोजा रखकर ईश्वर की आराधना करते हैं। यह एक ऐसा महीना है जो इंसान को बुराई से अच्छाई की ओर चलने के लिए प्रेरित करता है। रोजा खुदा की इबादत का एक ऐसा जरिया है जो रोजेदार को उस दुनिया के साथ-साथ इस दुनिया के लिए भी लायक बनाता है। इस पवित्र महीने में सभी के मन के भाव एक हो जाते हैं, सभी का लक्ष्य एक हो जाता है। सभी एक जैसा तप करते हैं और एक जैसी अनुभूतियों से गुजरते हैं। भावों और अनुभूतियों का एक हो जाना ही आध्यात्म की चरम ऊंचाई है।