Home » सिद्धू ने पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष पद से दिया इस्तीफा

सिद्धू ने पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष पद से दिया इस्तीफा

by Bhupendra Sahu

नई दिल्ली । पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने बुधवार को पार्टी कमेटी को त्यागपत्र सौंप दिया है। बीते साल जुलाई में पहली बार पार्टी के राज्य प्रमुख बनाए गए सिद्धू इससे पहले भी पद छोडऩे की पेशकश कर चुके हैं। खास बात है कि अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पांच राज्यों के अध्यक्षों से इस्तीफा सौंपने की मांग की थी। विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के खराब प्रदर्शन को लेकर पार्टी ने यह फैसला किया था।

बीते सप्ताह संपन्न हुए चुनाव में कांग्रेस पंजाब में केवल 18 सीटें ही हासिल कर सकी थी। सिद्धू ने संक्षिप्त रूप में लिखा, आदरणीय मैडम, यहां मैं पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे रहा हूं। इससे पहले उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के कांग्रेस प्रमुख भी अपना पद छोड़ चुके हैं। कांग्रेस को पांच में से एक भी राज्य में सफलता हासिल नहीं हो सकी। कहा जा रहा था कि पार्टी उत्तराखंड और गोवा में बेहतर प्रदर्शन कर सकती है, लेकिन नतीजों में पार्टी को निराशा हाथ लगी।

उत्तराखंड कांग्रेस के अध्यक्ष गणेश गोडियाल ने भी पार्टी को इस्तीफा सौंप दिया है। उन्होंने ट्वीट किया था, प्रदेश में हुये विधानसभा चुनावों में पार्टी की हार की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए आज मैंने अपना इस्तीफा सौंप दिया है। मैं परिणाम के दिन ही इस्तीफा देना चाहता था पर हाईकमान के आदेश की प्रतिक्षा पर रुका था। एक अन्य ट्वीट में उन्होंने लिखा, आज दिल्ली पंहुच कर जैसे ही यह अवगत हुआ कि अन्य वह सभी राज्यों के जबावदेह पदाधिकारी, जहां चुनावों में आशातीत सफलता नहीं मिली, अपने पदों से इस्तीफा दे रहे हैं, मैंने भी अपना इस्तीफा सौंप दिया है। कांग्रेस के कार्यकर्ता के तौर पर संघर्ष करता रहूंगा।

यूपी कांग्रेस के प्रमुख अजय कुमार लल्लू ने भी मंगलवार को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया। हमारी अध्यक्ष का जो भी फैसला होगा, उसे माना जाएगा। मैं हार की नैतिक जिम्मेदारी लेता हूं और पूरे चुनाव में हम मुद्दों के लिए लड़े। हमने मतदाताओं के भरोसे को जीतने की कोशिश की। लोकतंत्र में जनता सर्वोच्च है और भविष्य में हम उन्हें खुश करने की कोशिश करेंगे।

गोवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गिरीश चूड़ांकर ने भी नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दे दिया था। मणिपुर में एन लोकेन सिंह पार्टी अध्यक्ष की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। कांग्रेस महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट किया था, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने प्रदेश कांग्रेस कमेटियों के पुनर्निमाण के लिए उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर के पीसीसी अध्यक्षों से इस्तीफा देने के लिए कहा है।

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More