Home » बैंकिंग और फाइनेंस सेक्टर में लौटी बहार, खुलते ही 800 अंक चढ़ा सेंसेक्स

बैंकिंग और फाइनेंस सेक्टर में लौटी बहार, खुलते ही 800 अंक चढ़ा सेंसेक्स

by Bhupendra Sahu

नई दिल्ली । मजबूत ग्लोबल ट्रेंड के बीच घरेलू शेयर बाजार ने बढ़त के साथ कारोबार की शुरुआत की। बैंकिंग और फाइनेंस सेक्टर के शेयरों में तेजी लौट आई है। इससे भी बाजार को फायदा मिल रहा है। एक दिन पहले की गिरावट के बाद आज जैसे ही कारोबार की शुरुआत हुई, बीएसई सेंसेक्स 800 अंक से ज्यादा चढ़ गया। सेंसेक्स और निफ्टी पर सेशन शुरू होने से पहले सिंगापुर में एसजीएक्स निफ्टी मजबूत शुरुआत के संकेत दे रहा था। एसजीएक्स निफ्टी सुबह में 240 अंक से ज्यादा की बढ़त में था। प्री-ओपन में बीएसई सेंसेक्स भी 800 अंक से ज्यादा की बढ़त में था। बाजार खुलने के बाद भी यह मोमेंट बना रहा। सुबह 09.20 बजे बीएसई सेंसेक्स करीब 810 अंक चढ़कर 56,585 अंक से कुछ ऊपर कारोबार कर रहा था। एनएसई निफ्टी भी करीब 230 अंक चढ़कर 16,900 अंक के पास बना हुआ था।

इससे पहले लगातार 5 दिनों की तेजी के बाद मंगलवार को इसपर ब्रेक लग गया। सेंसेक्स में 700 अंक से ज्यादा की गिरावट आई और यह 55,775 अंक के आस-पास बंद हुआ। एनएसई निफ्टी 200 अंक से ज्यादा गिरकर 16,650 अंक से कुछ नीचे बंद हुआ। सोमवार को बाजार ने सप्ताह की अच्छी शुरुआत की थी। सोमवार को कारोबार समाप्त होने के बाद सेंसेक्स 935.72 अंक (1.68 फीसदी) के फायदे के साथ 56,486.02 अंक पर बंद हुआ था। इसी तरह निफ्टी 240.85 अंक (1.45 फीसदी) मजबूत होकर 16,871.30 अंक पर बंद हुआ था।
आज ग्लोबल मार्केट से बाजार को सपोर्ट मिल रहा है। अमेरिकी सेंट्रल बैंक फेडरल रिजर्व ब्याज दर बढ़ाने का ऐलान कर सकता है। इससे एक दिन पहले के कारोबार में मंगलवार को अमेरिकी बाजार में तेजी देखने को मिली। डाउ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 1.82 फीसदी की और नास्डैक कंपोजिट 2.92 फीसदी की तेजी में रहा। बुधवार को एशियाई बाजारों में भी मजबूती बनी हुई है। जापान का निक्की 1.36 फीसदी, टॉपिक्स इंडेक्स 1.4 फीसदी और दक्षिण कोरिया का कोस्पी 0.68 फीसदी की मजबूती में है।
इन्वेस्टर्स उम्मीद कर रहे हैं कि रूस और यूक्रेन के बीच करीब 1 महीने से जारी विवाद अब जल्दी ही शांत हो सकता है। यूक्रेन ने नाटो में शामिल होने के फैसले से पीछे हटने का साफ संकेत दिया है। इससे कच्चे तेल की उबाल कम हुई और यह 7 फीसदी नरम हो गया। करीब 1 महीने बाद पहली बार क्रूड ऑयल का भाव 100 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आया है। वहीं फेडरल रिजर्व से उम्मीद की जा रही है कि वह ब्याज दर को 0.25 फीसदी बढ़ाएगा। इन सब संकेतों से बाजार को राहत मिल रही है।
00

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More