Home » अपनी अगली फिल्म में पुलिस अफसर बन सकती हैं फातिमा सना शेख

अपनी अगली फिल्म में पुलिस अफसर बन सकती हैं फातिमा सना शेख

by Bhupendra Sahu

अभिनेत्री फातिमा सना शेख फिर चर्चा में हैं। दरअसल, उन्होंने एक नई थ्रिलर फिल्म साइन कर ली है और इसमें वह एक अलग अवतार में नजर आने वाली हैं। लगता है इंडस्ट्री में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए फातिमा ने अपने किरदारों के साथ नए-नए प्रयोग करने की ठान ली है। कहा जा रहा है कि इस फिल्म में वह एक पुलिस अफसर का किरदार निभाती दिखेंगी। रिपोर्ट के मुताबिक, फातिमा सना शेख अब एक इंवेस्टिगेटिव थ्रिलर फिल्म में काम करने जा रही हैं। इस फिल्म के निर्देशन की कमान संभालेंगी रिब्बन जैसी शानदार फिल्म बना चुकीं राखी शांडिल्य। फिल्म का नाम तो फिलहाल तय नहीं हुआ है, लेकिन इतना जरूर है कि इसमें फातिमा एक युवा पुलिस अफसर की भूमिका में दिखेंगी, जिसे एक संवेदनशील मामले की गुत्थी सुलझाने की जिम्मेदारी दी गई है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि फातिमा इस फिल्म से जुड़कर फूली नहीं समा रही हैं। उन्होंने फिल्म साइन कर ली है। फिल्म में पुलिस अधिकारी का किरदार निभाने के लिए वह बेहद उत्साहित हैं। फिलहाल फातिमा इस किरदार को जीवंत बनाने के लिए खुद को शारीरिक और मानसिक रूप से तैयार कर रही हैं। कई शानदार कलाकार इस फिल्म का हिस्सा हैं। सागर हवेली फिल्म के लेखक हैं, जिन्होंने हिट वेब सीरीज पाताल लोक की कहानी लिखी थी।
रिपोर्ट के मुताबिक, अगले साल फातिमा अभिनीत इस फिल्म की शूटिंग शुरू होगी। फिल्म के प्री-प्रोडक्शन का काम शुरू हो गया है। शूटिंग के लिए जल्द ही तारीख तय की जाएंगी। फिल्म अविशेक घोष की प्रोडक्शन कंपनी एवीएमए मीडिया के बैनर तले बन रही है। फातिमा इस प्रोडक्शन हाउस के साथ तीसरी बार काम करने जा रही हैं। एवीएमए मीडिया के साथ उनकी दो महिला केंद्रित फिल्में निर्माणाधीन हैं। एक है ब्लाइंड का रीमेक और दूसरी है उमा।

फातिमा ने आमिर खान अभिनीत फिल्म दंगल से बॉलीवुड में अपने करियर की शुरुआत की थी। इस फिल्म का निर्देशन राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता नितेश तिवारी ने किया था। इस फिल्म में फातिमा ने पहलवान गीता फोगाट का किरदार निभाया था। उन्होंने आमिर की फिल्म ठग्स ऑफ हिन्दुस्तान में भी अभिनय किया था। पिछले साल फातिमा लूडो और सूरज पे मंगल भारी जैसी फिल्मों में नजर आईं। इस साल उन्हें फिल्म अजीब दास्तांस में देखा गया था।

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More