रायपुर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की पहल पर आयोजित सुशासन तिहार 2026 आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बन रहा है। राज्यभर में आयोजित जन समस्या निवारण शिविरों में लोगों की मांगों का न केवल पंजीयन किया जा रहा है, बल्कि पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया जा रहा है। इसी क्रम में सरगुजा जिले के मैनपाट विकासखंड के ग्राम परपटिया में आयोजित शिविर ने एक जरूरतमंद परिवार की वर्षों पुरानी चिंता दूर कर दी।
मजदूरी कर बच्चों का पालन-पोषण कर रही थीं सुखंती
ग्राम परपटिया निवासी श्रीमती सुखंती मझवार तीन छोटे बच्चों की मां हैं। परिवार की आजीविका का एकमात्र सहारा मजदूरी है। आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण उनके पास राशन कार्ड नहीं था, जिससे उन्हें सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत मिलने वाले सस्ते खाद्यान्न और अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा था। बाजार से महंगे दामों पर राशन खरीदना उनके लिए कठिन था।
शिविर में हाथों-हाथ बना राशन कार्ड
सुशासन तिहार के तहत आयोजित शिविर में सुखंती मझवार ने अपनी समस्या अधिकारियों के समक्ष रखी। प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए पात्रता की जांच की और आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण कर मौके पर ही उनका राशन कार्ड जारी कर दिया। राशन कार्ड प्राप्त होते ही सुखंती के चेहरे पर खुशी झलक उठी।