– महतारी वंदन योजना से आर्थिक सशक्तिकरण की ओर बढ़ती महिलाएं
मोहला । शासन की महतारी वंदन योजना ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। योजना के तहत मिलने वाली नियमित आर्थिक सहायता महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने, परिवार की आवश्यकताओं की पूर्ति करने तथा भविष्य के लिए बचत करने हेतु प्रेरित कर रही है।
विकासखंड मोहला के ग्राम मोहभट्टटा निवासी श्रीमती रमीत बाई कोरेटी इस योजना के माध्यम से आत्मनिर्भरता का उदाहरण प्रस्तुत कर रही हैं। उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना से प्राप्त राशि का वे सुनियोजित ढंग से उपयोग कर रही हैं, जिससे उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। श्रीमती कोरेटी अपने गांव में सीएससी सेंटर एवं अटल डिजिटल केंद्र संचालित कर रही हैं। उनके पति कृषि कार्य से जुड़े हैं, जबकि स्वयं रमीत बाई ने कंप्यूटर का प्रशिक्षण प्राप्त कर स्वरोजगार की दिशा में कदम बढ़ाया। उन्होंने बताया कि अपनी शिक्षा और मेहनत के बल पर आज वे एक आत्मनिर्भर महिला के रूप में स्थापित हो पाई हैं।
महतारी वंदन योजना से प्राप्त राशि ने उनके कार्य को और मजबूती प्रदान की है। इस अतिरिक्त आर्थिक सहयोग से उन्हें अपने डिजिटल सेवा केंद्र के संचालन में सहायता मिली है। साथ ही वे इस राशि का एक हिस्सा अपनी बेटी के सुकन्या समृद्धि खाते में नियमित रूप से जमा कर रही हैं, जिससे भविष्य में उसकी शिक्षा एवं उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित किया जा सके।
श्रीमती रमीत बाई कोरेटी ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं ने उन्हें सशक्त और आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्रदान किया है।