Home » अबुझमाड़िया युवाओं ने अनुभव की लोकतंत्र की कार्यप्रणाली

अबुझमाड़िया युवाओं ने अनुभव की लोकतंत्र की कार्यप्रणाली

by Bhupendra Sahu

रायपुर नारायणपुर जिले के सुदूर संवेदनशील एवं पूर्व नक्सल प्रभावित क्षेत्रों से आए अबुझमाड़िया युवाओं ने आज नया रायपुर स्थित नवीन विधानसभा में सदन की कार्यवाही का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। लोकतंत्र के इस जीवंत मंदिर में पहुंचकर युवाओं ने शासन-प्रशासन की विधायी कार्यप्रणाली को करीब से समझा और जनप्रतिनिधियों की भूमिका को अनुभव किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा एवं वनमंत्री श्री केदार कश्यप ने इन युवाओं से मुलाकात की।

उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने अबुझमाड़िया युवाओं से किया आत्मीय संवाद

स्वामी विवेकानंद युवा प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत आयोजित इस भ्रमण में नारायणपुर के कुतुल, ओरछा, कलमानार, झारावाही, कोडकानार, मुरेहनार, गुमियाबेड़ा, मुरहानार और नेडनार जैसे अति संवेदनशील क्षेत्रों से आए विशेष पिछड़ी जनजाति के अबूझमाड़िया समुदाय के लगभग 147 युवा शामिल हुए। उल्लेखनीय है कि इन युवाओं में से अधिकांश ने पहली बार रायपुर शहर का भ्रमण किया, जो उनके लिए एक नया और उत्साहजनक अनुभव रहा।

उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने अबुझमाड़िया युवाओं से किया आत्मीय संवाद

विधानसभा पहुंचकर युवाओं ने प्रश्नकाल, चर्चा और निर्णय प्रक्रिया को प्रत्यक्ष रूप से देखा, जिससे उनके भीतर लोकतंत्र के प्रति समझ और जागरूकता का विस्तार हुआ। उन्हें विधायी प्रक्रिया, शासन व्यवस्था और जनहित में लिए जाने वाले निर्णयों की विस्तृत जानकारी भी दी गई।

उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने अबुझमाड़िया युवाओं से किया आत्मीय संवाद

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने युवाओं से आत्मीय मुलाकात कर संवाद किया। उन्होंने युवाओं के अनुभवों को ध्यानपूर्वक सुना और उन्हें प्रोत्साहित करते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती में युवाओं की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, जागरूकता और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि अति संवेदनशील क्षेत्रों से निकलकर नई सोच और संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे ये युवा प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य के प्रतीक हैं। उन्होंने युवाओं से नक्सलावाद के खात्मे के साथ हो रहे विकास पर उनके अनुभवों को जाना। उन्होंने सभी को स्वसहायता समूहों एवं सहकारी समितियों से जुड़कर स्थानीय रूप से उत्पादित लघु वनोपजों का प्रसंस्करण एवं संवर्धन कर आजीविका के माध्यम बढ़ाने को प्रेरित किया। उन्होंने युवाओं को शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए उनका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया

वन मंत्री एवं नारायणपुर के स्थानीय विधायक श्री केदार कश्यप ने भी अपने क्षेत्र के युवाओं से मुलाकात की। उन्होंने सभी के भ्रमण के अनुभवों की जानकारी ली। उन्होंने सभी से उनके क्षेत्र में विकास और सुविधाओं की जानकारी भी ली। युवाओं ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए इसे जीवन का एक महत्वपूर्ण और प्रेरणादायी अवसर बताया।

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More