रायपुर छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़, सुलभ और जनोन्मुख बनाने की दिशा में निरंतर प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में अंबिकापुर स्थित नवापारा शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित नवीन ऑपरेशन थियेटर का लोकार्पण एवं अतिरिक्त वार्ड निर्माण कार्य का भूमिपूजन संपन्न हुआ। इस गरिमामयी कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री श्री राजेश अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। जिला खनिज न्यास निधि (डीएमएफ) के सहयोग से विकसित इस महत्वपूर्ण परियोजना को क्षेत्र की स्वास्थ्य अधोसंरचना के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ और त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। जिला खनिज न्यास निधि (डीएमएफ) का उपयोग पूरी पारदर्शिता के साथ जनहित की प्राथमिकताओं को ध्यान में रखकर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नवापारा स्वास्थ्य केन्द्र में आधुनिक ऑपरेशन थियेटर और अतिरिक्त वार्ड की स्थापना से विशेष रूप से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलेगी। स्थानीय स्तर पर इन सुविधाओं के विस्तार से अब मरीजों को गंभीर परिस्थितियों में बड़े या दूरस्थ अस्पतालों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा, जिससे उनके समय और आर्थिक संसाधनों की भारी बचत होगी।