Home » आरसीबी ने आईपीएल 2025 के फाइनल में बनाई जगह

आरसीबी ने आईपीएल 2025 के फाइनल में बनाई जगह

by Bhupendra Sahu

0-एकतरफा मुकाबले में पंजाब किंग्स को 8 विकेट से हराया
मुल्लांपुर, 30 मई। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पंजाब किंग्स को आईपीएल 2025 के क्वालीफायर 1 में 8 विकेट से हराकर फाइनल में जगह बना ली है. इस जीत के साथ आरसीबी आईपीएल 2025 के फाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई है. अब आरसीबी 3 जून को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टूर्नामेंट का फाइनल खेलती हुई नजर आएगी और अपनी पहली आईपीएल ट्रॉफी जीतना चाहेगी.
आरसीबी ने 2016 के बाद अब 9 साल बाद 2025 में फाइनल में जगह बनाई है. आरसीबी ने 18 सालों के इंडियन प्रीमियर लीग के इतिहास में अपना पहला आईपीएल फाइनल 2009 में खेला था. इसके बाद दूसरी बार टीम ने 2011 में आईपीएल फाइनल खेला था. आरसीबी ने तीसरी बार 2016 में आईपीएल फाइनल खेला. अब बेंगलुरु की टीम अपना चौथा फाइनल आईपीएल 2025 में खेलने वाली है.
इस मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के कप्तान रजत पाटीदार ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. पंजाब किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निराशाजनक प्रदर्शन किया और 14.1 ओवर में 10 विकेट खोकर सिर्फ 101 रन बनाए. आरसीबी ने फाइनल में जगह बनाने के लिए मिले 102 रनों के लक्ष्य को 10 ओवर में 2 विकेट खोकर 106 रन बनाकर जीत हासिल कर ली.
पंजाब किंग्स से फाइनल में जगह बनाने के लिए मिले 102 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए फिल साल्ट और विराट कोहली ने पारी की शुरुआत की. विराट कोहली 12 बॉल में 2 चौकों के साथ 12 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. इसके बाद साल्ट ने तूफानी पारी खेलते हुए नाबाद अर्धशतकीय पारी खेली और टीम को जीत दिला दी. साल्ट ने 27 बॉल में 6 चौके और 3 के साथ 56 रनों की नाबाद पारी खेली. आरसीबी के लिए मयंक अग्रवाल ने 19 और रजत पाटीदार ने नाबाद 15 रन बनाए. पंजाब के लिए काइल जैमीसन और मुशीर खान ने 1-1 विकेट लिया.
पंजाब किंग्स के लिए पारी की शुरुआत प्रियांश आर्य और प्रभसिमरन सिंह ने की लेकिन टीम को शानदार शुरुआत नहीं दिला पाए. पंजाब ने एक समय 6.3 ओवर में 50 रन पर 5 विकेट खो दिए थे. आरसीबी के आगे 10.3 ओवर में पंजाब ने 78 रनों के स्कोर तक 8 विकेट खो चुकी थी. पंजाब किंग्स के लिए प्रभसिमरन सिंह ने 17 रन बनाए. मार्कस स्टोइनिस ने 17 बॉल में 2 चौके और 2 छक्कों के साथ 26 रनों की पारी खेली. अजमतुल्लाह उमरजई ने 11 बॉल में 1 चौके और 1 छक्के के साथ 18 रन बनाए. इसके चलते पंजाब सिर्फ 101 रन बना पाई.
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए सबसे ज्यादा विकेट सुयश शर्मा और जोश हेजलवुड ने हासिल किए. सुयश ने 3 ओवर में 17 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए तो वहीं हेजलवुड ने 3.1 ओवर में 21 रन देकर 3 विकेट चटकाए. आरसीबी के लिए यश दयाल ने 2 विकेट चटकाए. भुवनेश्वर कुमार और रोमारियो शेफर्ड ने 1-1 विकेट अपने नाम किया.
पंजाब किंग्स का सफर आईपीएल 2025 में खत्म नहीं हुआ है. उसे 1 जून को होने वाली क्वालीफायर 2 में एक और मौका मिलेगा जब वो एलिमिनेटर की विजेता (गुजरात टाइटंस या मुंबई इंडियंस में से एक) के साथ खेलते हुए नजर आएंगे.

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More