रायपुर । पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने आज पी.जी. कॉलेज अंबिकापुर के ऑडिटोरियम हॉल में आयोजित नारी शक्ति वंदन सम्मेलन में सहभागिता करते हुए कहा कि नारी का सम्मान ही राष्ट्र के उत्थान का आधार है। उन्होंने कहा कि आज का भारत महिलाओं को केवल सम्मान ही नहीं, बल्कि नेतृत्व और निर्णय लेने की शक्ति भी प्रदान कर रहा है, जो देश के समग्र विकास के लिए आवश्यक है।
कैबिनेट मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने अंबिकापुर में किया नारी शक्ति वंदन सम्मेलन में सहभागिता
इस अवसर पर मंत्री श्री अग्रवाल ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को ऐतिहासिक और दूरगामी प्रभाव वाला कदम बताते हुए कहा कि यह अधिनियम संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित करता है। उन्होंने कहा कि इस प्रावधान से महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ेगी और नीति-निर्माण में उनकी सक्रिय भूमिका सुनिश्चित होगी, जिससे लोकतंत्र और अधिक सशक्त बनेगा।