Home » समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा योजनाओं का लाभ: केंद्रीय मंत्री गिरिराज

समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा योजनाओं का लाभ: केंद्रीय मंत्री गिरिराज

by Bhupendra Sahu
  • ग्राम ढोंगदरहा व रंजना के विकसित भारत संकल्प यात्रा शिविर में शामिल हुए केन्द्रीय मंत्री
  • लोगों को जागरूक होकर योजनाओं का लाभ उठाने की अपील

रायपुर भारत सरकार के ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री श्री गिरिराज सिंह आज विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत कोरबा जिले के ग्राम ढोंगदरहा एवं कटघोरा विकासखण्ड के ग्राम रंजना में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने शिविर में आयोजित गतिविधियां देखी और विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का अवलोकन किया।

शिविर में स्वास्थ्य आयुष्मान कार्ड, केसीसी, महिला बाल विकास, कृषि, खाद्य, आधार सेवा केंद्र, आदिम जाति विकास विभाग सहित अन्य विभागों द्वारा केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी आमजनों को प्रदान की गई। इस अवसर पर विधायक कटघोरा श्री प्रेमचंद पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिवकला छत्रपाल सिंह कंवर, पूर्व गृह मंत्री श्री ननकी राम कंवर, भारत सरकार पंचायती राज के अतिरिक्त सचिव श्री सी. एस. कुमार, निदेशक मनरेगा नई दिल्ली श्री धर्मवीर झा, कलेक्टर सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं अधिकारीगण उपस्थित थे।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री श्री सिंह सहित अन्य अतिथियों ने छत्तीसगढ़ महतारी व माता सरस्वती की छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया, साथ ही विकसित भारत संकल्प यात्रा वैन के माध्यम के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के संदेश का श्रवण भी किया। शिविर में उपस्थित ग्रामीणों को आत्मनिर्भर व विकसित भारत बनाने हेतु संकल्प दिलाया गया। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों द्वारा मनोरम सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी गई।

शिविर में केंद्रीय मंत्री श्री सिंह ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का संकल्प है कि भारत को 2047 तक विकसित बनाना है। जिससे देश के गरीब, महिला, किसान एवं युवा वर्ग शक्तिशाली एवं समृद्ध बन सके। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी गरीबों को आवास, पानी, बिजली, शौचालय, बेहतर स्वास्थ्य लाभ सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कटिबद्ध है। इस हेतु प्रधानमंत्री द्वारा समाज के हर वर्ग के हितों को ध्यान में रखकर अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही है। पीएम आवास योजना से कमजोर वर्ग के लोगों का पक्के मकान का सपना साकार हो रहा है। आयुष्मान कार्ड के माध्यम से निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराया जा रहा है। उज्ज्वला योजना से महिलाओं को धुआं रहित स्वच्छ ईंधन प्रदान किए जा रहे है। पीएम मातृत्व वंदना योजना से माताओं को पोषण हेतु सहयोग राशि प्रदान किया जा रहा है। आजीविका मिशन के अंतर्गत बिहान से जुड़ी दीदियों को लखपति दीदी बनाने का प्रयास सहित जनधन खाता के माध्यम से ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं से मिलने वाली राशि सीधे उनके खाते में जा रही है। श्री गिरिराज ने कहा कि कोरोना जैसे भीषण महामारी के समय भी समाज के अमीर व गरीब हर वर्ग को निःशुल्क वैक्सीन उपलब्ध कराई गई।

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More