Home » उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा 26 अप्रैल को… व्यापम द्वारा परीक्षार्थियों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश

उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा 26 अप्रैल को… व्यापम द्वारा परीक्षार्थियों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश

by Bhupendra Sahu

19 निर्धारित परीक्षा केंद्रों में कुल 4917 परीक्षार्थी होंगे शामिल

महासमुंद  छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मण्डल, रायपुर द्वारा आयोजित छत्तीसगढ़ राज्य कृषि विपणन (मंडी) बोर्ड अंतर्गत उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा का आयोजन रविवार 26 अप्रैल 2026 को महासमुंद जिले में एक पाली में किया जाएगा। परीक्षा का समय प्रातः 10ः00 बजे से 12ः15 बजे तक निर्धारित है। जिसमें जिले के 19 निर्धारित परीक्षा केंद्रों में कुल 4917 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
व्यापम द्वारा परीक्षा को सुव्यवस्थित एवं निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने हेतु परीक्षार्थियों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा से एक दिन पूर्व अपने परीक्षा केंद्र का अवलोकन करने की सलाह दी गई है, ताकि परीक्षा के दिन किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। परीक्षार्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने से कम से कम दो घंटे पहले परीक्षा केंद्र पहुंचना अनिवार्य होगा। इस दौरान फ्रिस्किंग (सुरक्षा जांच) एवं फोटो युक्त मूल पहचान पत्र से सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पूर्व प्रातः 9ः30 बजे परीक्षा केंद्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा, तत्पश्चात परीक्षार्थियों के लिए प्रवेश निषेध है, इसलिए समय का विशेष ध्यान रखना आवश्यक है।

जारी निर्देशों के अनुसार परीक्षार्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर आने की अनुमति होगी, जबकि गहरे रंग जैसे काला, गहरा नीला, हरा, जामुनी, मैरून आदि रंगों के कपड़े पहनना वर्जित रहेगा। धार्मिक एवं सांस्कृतिक पोशाक पहनने वाले अभ्यर्थियों को अतिरिक्त समय पूर्व पहुंचकर विशेष जांच प्रक्रिया से गुजरना होगा। फुटवियर के रूप में केवल चप्पल पहनने की अनुमति दी गई है तथा कान में किसी भी प्रकार के आभूषण पहनना प्रतिबंधित रहेगा। परीक्षा कक्ष में मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, घड़ी, पर्स, बेल्ट, टोपी सहित अन्य सामग्री ले जाना पूरी तरह वर्जित है।

अभ्यर्थियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने प्रवेश पत्र के सभी पृष्ठों का एक तरफ प्रिंट लेकर आएं, क्योंकि प्रत्येक परीक्षा में इसकी एक प्रति केंद्र में जमा की जाएगी। साथ ही, मतदाता पहचान पत्र, आधार कार्ड, पैन कार्ड या ड्राइविंग लाइसेंस जैसे फोटो युक्त मूल पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। मूल पहचान पत्र प्रस्तुत नहीं करने पर प्रवेश नहीं दिया जाएगा जिसके लिए अभ्यर्थी स्वयं जिम्मेदार होंगे। परीक्षा के दौरान केवल काले या नीले बॉल प्वाइंट पेन का ही उपयोग करना होगा। परीक्षा प्रारंभ होने से आधा घंटा पहले और समाप्ति के अंतिम आधे घंटे में परीक्षा कक्ष से बाहर जाने की अनुमति नहीं होगी। निर्देशों का पालन न करने पर अभ्यर्थी को परीक्षा से वंचित किया जा सकता है। वहीं, अनुचित साधनों के उपयोग पर कड़ी कार्रवाई करते हुए अभ्यर्थिता समाप्त करने की चेतावनी भी दी गई है। जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचकर सभी निर्देशों का पालन करें।

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More