नई दिल्ली । उत्तर रेलवे दिल्ली के चार स्टेशन पर जल्द ही कोच रेस्तरां खोलेगा। इसके लिए नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर रेलवे कोच पहुंच चुका है। इस कोच को अजमेरी गेट स्थित वीआइपी पार्किंग में रखा गया है। ठेकेदार द्वारा जल्द ही इसे रेस्तरां की शक्ल दी जाएगी और अक्तूबर के अंत तक लोग इस रेस्तरां में स्वादिष्ट व्यंजनों का लुत्फ उठा सकेंगे। नई दिल्ली के अलावा पुरानी दिल्ली, आनंद विहार और सरोजिनी नगर स्टेशन के पास भी कोच रेस्तरां खोलने की तैयारी है।
रेलवे मंत्रालय ने कुछ समय पहले विभिन्न स्टेशनों के बाहर विमान रेस्तरां की तर्ज पर रेलवे कोच रेस्तरां खोलने का निर्णय लिया था। सरकार की इस पहल पर देश के कई रेलवे स्टेशनों पर कोच रेस्तरां खोले जा रहे हैं। दिल्ली में भी चार रेलवे स्टेशनों पर कोच रेस्तरां खोलने की तैयारी चल रही है। इसके लिए जगह चिह्नित कर टेंडर भी जारी किए जा चुके हैं।
अजमेरी गेट की तरफ खोला जाएगा
रेलवे सूत्रों ने बताया कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर अजमेरी गेट की तरफ जगह चिह्नित कर कोच वहां रख दिया गया है। जल्द ही कोच की सजावट का काम किया जाएगा। अन्य रेलवे स्टेशनों के बाहर भी जल्द ही कोच पहुंचाने का काम किया जाएगा। अधिकारियों का मानना है कि अक्तूबर तक नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर कोच रेस्तरां शुरू हो जाएगा। वहीं, इस वर्ष के अंत तक बाकी तीन स्टेशन के बाहर भी कोच रेस्तरां चालू कर दिए जाएंगे।
पुनर्विकास कार्य का प्रभाव नहीं पड़ेगा
रेलवे अधिकारियो के अनुसार, एक कोच रेस्तरां में 30 से 32 लोगों को बैठने की व्यवस्था होगी। कोच रेस्तरां पर नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास का प्रभाव नहीं पड़ेगा। पुनर्विकास को ध्यान में रखते हुए इस रेस्तरां को अजमेरी गेट की तरफ खोला जा रहा है। इस स्टेशन को अलग-अलग चरणों में तोड़ा जाएगा और अजमेरी गेट की तरफ तोडफ़ोड़ में कम से कम दो साल का समय लगेगा, इसलिए दो वर्ष तक यहां कोच रेस्तरां चलाने में कोई समस्या नहीं आएगी।
0