- कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के सम्मेलन में बोले पीसीसी चीफ
रायपुर। पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम रायपुर में कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष अमीन मेमन द्वारा भारत जोड़ो सम्मेलन श्रृंखला की 15वीं कड़ी का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि शामिल छत्तीसगढ़ कांग्रेस की प्रभारी कुमारी शैलजा व पीसीसी चीफ दीपक बैज थे।
कुमारी शैलजा ने सम्मेलन में उपस्थित पार्टी के लोगों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी तोड़ने में नहीं, जोड़ने में विश्वास करती है। हम सभी समुदायों को साथ लेकर चलते हैं। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के लक्ष्य 75 प्लस को हासिल करने के लिए कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के पदाधिकारी कार्यकर्त्ताओं से अभी से जुट जाने का आह्वान किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि भाजपा और उसके नेता समूचे देश में नफरत का माहौल पैदा कर रहे हैं।
एक समुदाय को दूसरे समुदाय से लड़ाकर राजनीतिक रोटी सेंकना भाजपा की फितरत बन गई है। अब भाजपा के बड़े नेता छत्तीसगढ़ में आकर यहां के शांत वातावरण को अशांत करने की कोशिश कर रहे हैं। हमें इनसे सतर्क रहना होगा। दीपक बैज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को छत्तीसगढ़ का विकास नजर नहीं आ रहा है।