Home » धर्म के नाम पर जनता हो गुमराह रही भाजपा – अखिलेश यादव

धर्म के नाम पर जनता हो गुमराह रही भाजपा – अखिलेश यादव

by Bhupendra Sahu

लखनऊ  समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा धर्म के नाम पर जनता को गुमराह करती है। भाजपा ने उत्तर प्रदेश में कोई भी बड़ा काम नहीं किया है। जिसको लेकर जनता से वोट मांग सके। वह बुनियादी मुद्दों से भागती है। आज महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्या, बड़े मुद्दे हैं।

अखिलेश यादव ने आज दिल्ली में एक न्यूज चैनल से साक्षात्कार में कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए इंडिया गठबंधन एकजुट है। समय आने पर सीटों के बंटवारे पर गठबंधन आपस में बैठकर फैसला कर लेगा। लोकसभा चुनाव में मुकाबला एक बहुत बुरी पार्टी से है। गठबंधन जनता के मुद्दों और विकास के लक्ष्य के साथ एकजुटता से भाजपा का मुकाबला करेगा और उसे हराएगा।
उन्होंनेे कहा कि भाजपा ने जनता से सिर्फ झूठे वादे किये है। इस सरकार ने आम जनता को सिर्फ समस्यायें और दुश्वारियां ही दी है। उत्तर प्रदेश में बिजली का एक भी कारखाना नहीं लगाया। प्रदेश में बिजली संकट है। आज प्रदेश को जो बिजली मिल रही है वह समाजवादी सरकार के दौरान बनाये गये पावर प्लांटों से मिल रही है। भाजपा सरकार ने जनता से झूठे वादे किये। किसानों की आय दोगुनी नहीं हुई। महंगाई, बेरोजगारी कम नहीं हुई। महंगाई का विरोध करने पर यह सरकार दुकानदारों को जेल भेज देती है। प्रधानमंत्री जी के लोकसभा क्षेत्र में टमाटर की महंगाई पर आवाज उठाने वाले दुकानदार और उसके बेटे को इस सरकार ने जेल भेज दिया था। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा लोकतंत्र विरोधी है। जनता के लोकतांत्रिक अधिकारों को खत्म कर रही है। इस सरकार ने किसानों के लिए एक भी मंडी नहीं बनाई। इंवेस्टमेंट के नाम पर केवल इवेन्ट हुआ है। सरकार कह रही है कि 33 लाख करोड़ का एमओयू हुआ है। बड़े-बड़े सपने दिखा रही है लेकिन कोई भी निवेश जमीन पर नहीं उतरा है। गांव-गांव में बड़ी संख्या में पढ़े-लिखे नौजवान बेरोजगार हैं। आखिरकार भाजपा जनता को कब तक गुमराह करेगी। कहा कि पहले की सरकारों ने लाल किला से प्रधानमंत्री कोई बात कहते थे या घोषणा करते थे तो जनता को भरोसा रहता था लेकिन अब ऐसा नहीं है। उत्तर प्रदेश में छुट्टा जानवरों की समस्या भाजपा सरकार की देन है। आज हर दिन प्रदेश में जानवरों के कारण किसी न किसी की मौत हो रही है। सड़क हो, या किसानों के खेत हर जगह इनकी मौजूदगी है। प्रधानमंत्री जी ने भी इस समस्या के समाधान का वादा किया था लेकिन उन्होंने कुछ नहीं किया। आज छुट्टा जानवर पूरे प्रदेश में बड़ी समस्या बन गए है।
अखिलेश यादव ने कहा कि लखीमपुर खीरी में किसानों की हत्या हुई लेकिन उन्हें न्याय नहीं मिला। किसानों को आज नहीं तो कल न्याय जरूर मिलेगा। और एक दिन भाजपा को किसानों के सामने झुकना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार में ही प्रदेश में विकास के कार्य हुए थे। समाजवादियों ने उत्तर प्रदेश को देश का सबसे बेहतरीन डिजाइन का आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे दिया। इसी एक्सप्रेस-वे पर प्रधानमंत्री जी जहाज से उतरे थे। किसानों के लिए मंडियों का निर्माण किया। आज उत्तर प्रदेश के दूरदराज का किसान अपनी पैदावार लाकर बड़े बाजारों में लाकर बेच सकता है। इसी तरह से समाजवादी सरकार ने यूपी पुलिस को सबसे बेहतरीन रिसपांस सिस्टम डायल 100 दिया। महिलाओं के लिए 1090 दिया। लेकिन भाजपा ने इन कार्यों को आगे बढ़ाने के बजाय नाम बदल कर बर्बाद कर दिया।
००

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More