जैसलमेर । भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने काली बगीची, भरतपुर स्थित पार्टी के नवीन जिला कार्यालय का उद्घाटन किया। उन्होंने यहीं से जैसलमेर जिला भाजपा कार्यालय का वर्चुअल उद्घाटन और बाड़मेर जिला भाजपा कार्यालय का वर्चुअल शिलान्यास किया। इसके पश्चात उन्होंने पार्टी के राष्ट्रव्यापी अभियान ‘संपर्क से समर्थनÓ के तहत बघेरा कला, भरतपुर में ‘अपना घरÓ संस्थान के संस्थापक डॉ बी एम भारद्वाज के घर जाकर उनसे मुलाक़ात की और केंद्र में नरेन्द्र मोदी सरकार के 9 वर्ष की उपलब्धियों की बुकलेट भी सौंपी। नड्डा ने कहा कि राजस्थान में 15 जिला भाजपा कार्यालय काम करना शुरू कर चुके हैं और पांच कार्यालय शीघ्र ही समर्पित होंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से हमारे तात्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने हर राज्य और हर जिले में पार्टी का अपना कार्यालय बनाने के संकल्प की शुरुआत की। पार्टी ने तब प्रदेश मुख्यालय एवं जिला कार्यालयों को मिला कर 887 कार्यालय बनाने का निर्णय लिया था जिसमें से 500 से ज्यादा जिला कार्यालय और हर प्रदेश में प्रदेश कार्यालय बन गए हैं।
116 कार्यालय निर्माणाधीन हैं और 122 कार्यालय बनाने के लिए जमीन उपलब्ध हो गई है। एक समय था, जब पार्टी घरों से चला करती थी लेकिन आज कार्यकर्ताओं के लिए आधुनिक और सुसज्जित कार्यालय तैयार है जो हमारे लिए संस्कार केंद्र की तरह है। महान मनीषियों के त्याग और उनकी तपस्या तथा कर्मठ पार्टी कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम के बल पर आज भारत दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है। देश में केवल और केवल भाजपा है जो विचारधारा के आधार पर काम करती है। बाकी सारी पार्टियां परिवार की पार्टी बन कर रह गई है। भाजपा को छोड़ सभी पार्टियों की हालत ये है कि परिवार ही पार्टी है जबकि हमारे लिए पार्टी ही परिवार है। कांग्रेस तो माँ और बेटे-बेटी की पार्टी बन कर रह गई है।जेपी नड्डा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अकेली पार्टी है जिसने परिवारवाद को चुनौती दी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जातिवाद, परिवारवाद और तुष्टिकरण की राजनीति को ख़त्म कर विकासवाद और रिपोर्ट कार्ड की संस्कृति की शुरुआत की है। हम सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास की राजनीति करते हैं। हमारे लिए सत्ता सेवा का माध्यम है। नड्डा ने कहा कि कांग्रेस की 10 वर्षों की यूपीए सरकार में लगभग 12 लाख करोड़ के घपले-घोटाले हुए।
अंतरिक्ष से लेकर पाताल तक घोटाले हुए। तभी देश की आर्थिक स्थिति दयनीय थी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश को दुनिया की पांचवीं आर्थिक महाशक्ति बनाया। आज हमारी सरकार पर विरोधी भी भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं लगा सकते। पहले जब भी कोई अंतर्राष्ट्रीय नेता भारत की चर्चा करता था तो पाकिस्तान की भी चर्चा होती थी लेकिन आज केवल और केवल भारत की बात होती है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आने के बाद दुनिया में भारत की विशिष्ट स्थान बना है। हाल ही में जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिका गए थे तो उनका वहां भव्य स्वागत हुआ। आज भारत और अमेरिका के रिश्ते नई ऊंचाई तक पहुँच गए हैं। तकनीक ट्रांसफर से लेकर कई क्षेत्रों में भारत-अमेरिका के बीच ऐतिहासिक समझौता हुआ है।राजस्थान की कांग्रेस सरकार पर जोरदार हमला करते हुए जेपी नड्डा ने कहा कि अशोक गहलोत सरकार भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी हुई है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अपने एक-एक विधायक को भ्रष्टाचार करने का खुला लाइसेंस दिया हुआ है। आज राजस्थान में अनेक तरीके से भ्रष्टाचार हो रहा है। बिना रिश्वत का कोई काम नहीं हो रहा है। अशोक गहलोत का एक ही सिद्धांत है कि किसी तरह मुख्यमंत्री बने रहो और जितना लूट सको, लूट लो क्योंकि राजस्थान में लूट की छूट है। राजस्थान में कांग्रेस की सरकार में क़ानून भी अलग-अलग है। हिंदुओं का त्यौहार आता है तो अलग तरीके से देखा जाता है और किसी दूसरे मजहब का त्यौहार होता है तो अलग तरीके से देखा जाता है। यह अशोक गहलोत सरकार की तुष्टिकरण की राजनीति का नतीजा है।
नड्डा ने कहा कि भरतपुर जिले के रहने वाले गहलोत सरकार के एक मंत्री का पति दुष्कर्म के केस में फंसा है। गहलोत सरकार उसे बचाने की पूरी कोशिश की है। यह क़ानून-व्यवस्था को ध्वस्त करने वाली भ्रष्टाचारी सरकार है। कांग्रेस की सरकार ने राजस्थान को भ्रष्टाचार में नंबर वन बना दिया है। राजस्थान की क़ानून-व्यवस्था की स्थिति इतनी दयनीय हो गई है कि खनन घोटाला और दुष्कर्म के मामले में राजस्थान देश में पहले स्थान पर है। राजस्थान में महिलायें कहीं भी सुरक्षित नहीं हैं। सिर्फ परिवार को बचाने के लिए कांग्रेस सरकार वोटबैंक की पॉलिटिक्स कर रही है। राजस्थान में कांग्रेस की अशोक गहलोत सरकार के भ्रष्टाचार के कारण मोदी सरकार की गरीब कल्याण योजनाएं सही से जमीन पर उतर नहीं रही। विकास के लिए राजस्थान में भी कमल खिलाने की जरूरत है।
जेपी नड्डा ने कहा कि आप अगर आरजेडी को वोट देते हैं तो लालू और उनके बच्चों के लिए वोट देते हैं। समाजवादी पार्टी को वोट देते हैं तो अखिलेश और उनके बच्चों के लिए वोट देते हैं। अगर आप शिव सेना उद्वव ठाकरे गुट को वोट देते हैं तो उद्वव ठाकरे और उनके बच्चों के लिए वोट देते हैं। अगर एनसीपी को वोट देते हैं तो शरद पवार के परिवार को फलने-फूलने के लिए वोट दे रहे हैं। आप अगर टीएमसी को वोट देते हैं तो ममता बनर्जी और उनके भतीजे को भ्रष्टाचार करने के लिए वोट देते हैं। आप अगर बीआरएस को वोट देते हैं तो के चंद्रशेखर राव के परिवार के लिए वोट देते हैं। लेकिन, यदि आप प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी को वोट देते हैं तो आप देश के लिए और अपने बच्चों के भविष्य के लिए वोट देते हैं।