लखनऊ। नवाबों का शहर लखनऊ दक्षिण कोरिया की परंपरागत मार्शल आर्ट हैपकिडो की राष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी करेगा। यहां द्वितीय राष्ट्रीय हैपकिडो चैंपियनशिप-2023 का आयोजन 20 से 22 मई 2023 तक होगा। इस चैंपियशिप के सुचारु आयोजन के लिए गठित आयोजन समिति की केडी सिंह बाबू स्टेडियम में हुई बैठक में आयोजन को लेकर रुपरेखा तैयार की गई।
चैंपियनशिप की आयोजन समिति के चेयरमैन श्री सुधीर गर्ग (वरिष्ठ आईएएस) बनाए गए है। लखनऊ के नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह व जेबीआर होटल्स के चेयरमैन विवेक सिंह को वाइस चेयरमैन बनाया गया है। आयोजन सचिव हैपकिडो एसोसिएशन इंडिया के अध्यक्ष डा.आनन्देश्वर पाण्डेय होंगे। इसके अलावा विनय कुमार सिंह को कोषाध्यक्ष बनाया गया है।
हैपकिडो एसोसिएशन इंडिया के तत्वावधान में उत्तर प्रदेश हैपकिडो एसोसिएशन द्वारा आयोजित की जाने वाली इस चैंपियनशिप के मुकाबले आगामी 20 से 22 मई 2023 तक केडी सिंह बाबू स्टेडियम के बहुउद्देश्यीय हाल में आयोजित किए जाएंगे। चैंपियनशिप में विभिन्न प्रदेशों के करीब 200 खिलाड़ी अपने हुनर का प्रदर्शन करेंगे।