नयी दिल्ली । नॉर्दन यूनाइटेड एफसी ने अशोक एफसी को एक रोमांचक मुकाबले में 3-2 से हराकर फुटबॉल दिल्ली बी-डिवीजन लीग में पूरे अंक अर्जित किए। विजेता के लिये तुषार, सौरभ कुमार और आर्यन असवाल ने गोल जमाये। पराजित अशोका के गोल जय सिंह और आर्यन ने किये।
एक अन्य संघर्षपूर्ण मैच में ईआईएमआई को रॉयल बंगाल ने 1-1 से ड्रॉ पर रोककर अंक बांटे। रॉयल का गोल शशांक मालकोटी ने और प्रतिद्वंद्वी का गोल यमन सिंह ने किया। बंगाल के गोली सुल्तान अली को सुभाशीष ने मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया।
दिन के एक बड़े स्कोर वाले मैच में जुबा संघा ने रोहिणी एफसी को 13 गोलों से हराकर रिकार्ड जीत दर्ज की। दिल्ली की संतोष ट्रॉफी टीम के सितारों और प्रीमियर लीग के प्रमुख क्लबों के खिलाडिय़ों से सजे जुबा संघा के लिये महीप अधिकारी ने तिकड़ी जमाई। दिन के अन्य मैचों में दिल्ली हीरोज ने हंस को 2-1 से और कॉलेजियन ने लोधी एससी को चार गोलों से परास्त किया।