Home » क्या आपको भी लग गई है स्मार्टफोन की लत? छुटकारा पाने के लिए अपनाएं ये तरीके

क्या आपको भी लग गई है स्मार्टफोन की लत? छुटकारा पाने के लिए अपनाएं ये तरीके

by Bhupendra Sahu

आज के समय में न सिर्फ युवा, बल्कि बच्चों को भी स्मार्टफोन की लत लग चुकी है। वह बार-बार फोन चेक करते हैं, फोन न मिलने पर बेचैन होने लगते हैं और कई बार तो बगैर फोन के एक घंटा भी चैन से नहीं रह पाते हैं। यह समझना जरूरी है कि स्मार्टफोन का जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल करने से स्वास्थ्य पर कई नकारात्मक प्रभाव पड़ सकते हैं। चलिए इस लत से छुटकारा पाने के तरीके जानते हैं।

स्मार्टफोन के इस्तेमाल को ट्रैक करें
अध्ययन के मुताबिक, कॉलेज जाने वाले छात्र-छात्राएं रोजाना कम से कम 8 से 10 घंटे स्मार्टफोन पर बिताते हैं। ऐसे में अगर आप इस लत को खत्म करना चाहते हैं तो अपने स्मार्टफोन के इस्तेमाल को ट्रैक करें। इसका मतलब है कि आप प्रति घंटे कितनी बार अपना फोन चेक करते हैं, इस पर निगरानी रखें। इसके लिए आप चाहें तो क्वालिटीटाइम और चेकी जैसे स्मार्टफोन उपयोग ट्रैकर ऐप्स भी डाउनलोड कर सकते हैं।
अन्य गतिविधियों में व्यस्त रहने की कोशिश करें
अक्सर स्मार्टफोन पर सोशल मीडिया स्क्रॉल करने से मूड अच्छा हो जाता है, जिससे लोग बार-बार इसका इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित होते हैं। हालांकि, बेहतर महसूस करने के लिए अपने स्मार्टफोन पर अधिक निर्भर रहने की बजाय व्यायाम, डांस, खेल, लेखन या पेंटिंग जैसी रचनात्मक चीजें करें। इससे आप नया कौशल सीखने के साथ-साथ अपना मूड भी बेहतर कर सकेंगे।
एक शेड्यूल सेट करें
स्मार्टफोन की लत से छुटकारा पाने के लिए आप अपने फोन पर अलार्म सेट कर सकते हैं। यह अलार्म आपको बताएगा कि फोन कितनी बार चेक करें। शुरू में हर 15 मिनट पर अलार्म सेट करें और धीरे-धीरे समय बढ़ाकर 30 मिनट कर दें। अंत में हर 45 मिनट या 1 घंटे पर अलार्म लगाना शुरू करें। अलार्म बजने के बाद 4-5 मिनट अपने फोन की जांच करें और फिर टाइमर को दोबारा से रीसेट करें।
नोटिफिकेशन बंद कर दें
अगर फोन पर नोटिफिकेशन आएंगी तो आपका पूरा ध्यान तब तक फोन पर ही रहेगा, जब तक कि आप नोटिफिकेशन चेक न कर लें। इस कारण फोन की नोटिफिकेशन बंद करने या कुछ समय के लिए उन्हें म्यूट करने से स्मार्टफोन की लत से छुटकारा पाने में मदद मिल सकती है। इसके लिए डू नॉट डिस्टर्ब मोड का इस्तेमाल करें या व्हाट्सऐप, इंस्टाग्राम और फेसबुक आदि सबसे अधिक इस्तेमाल किए जाने वाले ऐप्स की नोटिफिकेशन को बंद कर दें।
रात में फोन का इस्तेमाल करने से बचें
हम सभी रात के समय अपने स्मार्टफोन पर सोशल मीडिया ऐप्स स्क्रॉल जरूर करते हैं। हालांकि, कुछ लोग ऐसा करते-करते आधी रात निकाल देते हैं। इससे बचने के लिए रात को सोने से पहले अपने फोन को दूर रख दें। इससे आपको अच्छी नींद आएगी और आपकी आंखों की रोशनी ठीक रहेगी। आप आंखों की रोशनी बढ़ाने के लिए इन ड्रिंक्स का सेवन भी कर सकते हैं।
००

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More