भिलाई। दुर्ग पुलिस के तीन थाना क्षेत्रों में दहशत फैलाने वाले शातिर चेन स्नेचरों के गैंग को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। नेवई, वैशाली नगर व भिलाई नगर थाना क्षेत्रों में इस गिरोह के सदस्यों ने पैदल चल रही महिलाओं को निशाना बनाया। पुलिस ने इस मामले में एक नाबालिग सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चेन स्नेचिंग को लेकर मास्टर माइंड का खुलासा कम हैरान कर देने वाला नही है। दरअसल पूरे गैंग का हेड महादेव सट्टा में अपने लाखों रुपए हार चुका था और उस पर कर्ज भी चढ़ गया। इसके बाद उसने यू-ट्यूब से चेन-स्नेचिंग का तरीका सीखा और अलग अलग थाना क्षेत्रों में अलग अलग साथियों के साथ घटना को अंजाम देता था।
भिलाई नगर, वैशाली नगर, नेवई की संयुक्त जिले में लगातार एक के बाद एक हो रही चैन स्नैचिंग की घटनाओं को देखते हुए विशेष टीम को इसकी निगरानी सौंपी गई। टीम द्वारा संदेहियों पर निगाह रखी जा रही थी, आदतन अपराधियों व जेल से रिहा हुए अपराधियों से पूछताछ कर पतासाजी का प्रयास किया जा रहा था। सीसी टीवी फुटेज में एक संदेही की पहचान हुई। पुलिस ने संदेह के आधार पर राजा उर्फ हरपाल सिंह को हिरासत में लिया। पूछताछ में पहले तो हरपाल ने गुमराह करने का प्रयास किया लेकिन बाद में उसने सारा सच उगल दिया। आरोपी हरपाल ने बताया कि महादेव बैटिंग ऐप में 4.50 लाख रूपए हार गया था। कर्ज चढ़ गया और उसे चुकाने के लिए रुपए की आवश्यकता थी। यू-ट्यूब से चेन स्नेचिंग करने का तरीका मिला। आरोपी नग बताया कि 3 माह पूर्व 25 दिसंबर 2022 में शांति नगर सड़क 6 में अपनी एक्टिवा गाड़ी से अपने साथी छवि कांत उर्फ बनिया के साथ मिलकर टहल रही महिला के गले से सोने की चैन लूटकर भागा।
इसी प्रकार 2 माह पूर्व 13 जनवरी 2023 को मरोदा सेक्टर के पास अपने साथी कुशाल कुमार के साथ मिलकर मोटर सायकल हीरो होण्डा एनएक्सजी में ही घूमते हुये पैदल जा रही एक महिला के गले से सोने की चैन को लूटा। 24 जनवरी 2023 को आशीष नगर पश्चिम रिसाली के पास अपने साथी लिंगेश्वर देवांगन उर्फ बाऊ के साथ मिलकर मोटर सायकल हीरो होण्डा एनएक्सजी में ही घूमते हुये पैदल जा रही एक महिला के गले से सोने की चैन को लूटा था। 31 जनवरी 2023 को इस्पात नगर रिसाली के पास हरपाल सिंह ने अपनी बाइक से घूमते हुये पैदल जा रही एक महिला के गले से सोने की चैन को लूटा।
आरोपी हरपाल ने बताया कि 8 फरवरी 2023 को सेक्टर 7 सड़क 30 के पास अपनी बाइस से जाते हुए पैदल जा रही एक महिला के गले से सोने की चैन को लूटा। इसके बाद 11 फरवरी को सेक्टर 9 सड़क 27-28 के पास अपने नाबालिग साथी के साथ मिलकर पैदल जा रही एक महिला के गले से सोने की चैन को लूटा। 23 फरवरी को इस्पात नगर रिसाली में अपने साथी मनमीत सिंह उर्फ सोनू के साथ मिलकर पैदल जा रही एक महिला के गले सोने की चैन को लूटा।
आरोपी के कुबूलनामे के बाद उसकी निशानदेही पर उनके कब्जे से पृथक-पृथक 07 नग सोने की चैन घटना में प्रयुक्त 01 नग मोटर सायकल हीरो होण्डा एनएक्सजी तथा 01 एक्टिवा स्कूटर बरामद कर जब्त किया गया। पुलिस से हरपाल सहित उसके साथी मनमीत सिंह उर्फ सोनू, लिगेश्वर देवांगन उर्फ बाऊ व कुशाल कुमार दास सहित नाबालिग को गिरफ्तार किया है। इस पूरी कार्रवाई में नेवई से एसआई धनीराम नारंगे, एएसआई गंगाराम रावत, प्रधान आरक्षक सूरज पाण्डेय, भिलाई नगर से एएसआई भोजराम साहू, प्रधान आरक्षक प्रेम सिंह, थाना वैशाली नगर से एएसआई सुरेश कुमार पाण्डेय और एसीसीयू से एएसआई पूर्ण बहादूर, चन्द्रशेखर सोनी, प्रधान आरक्षक चंद्रशेखर बंजीर, आरक्षक संतोष गुप्ता, शहबाज खान, अनुप शर्मा, पन्ने लाल, उपेन्द्र यादव, जुगनू सिंह, समीम खान आदि की उल्लेखनीय भूमिका रही।