नयी दिल्ली । वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय ने 2022-2023 कर्नाटक फसल सीजन के दौरान कम उत्पादन को देखते हुए कर्नाटक में नीलामी प्लेटफार्म पर पंजीकृत तथा गैर-पंजीकृत उत्पादकों द्वारा उत्पादित विशेष वर्जीनिया तंबाकू की बिक्री की छूट दे दी है। इस प्लेटफॉर्म पर बिक्री के लिए केवल रासायनिक धुएं से उपचारिता माल ही स्वीकार किया जायेगा। मंत्रालय की जारी विज्ञप्ति के अनुसार वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने इस विषय में विचार-विमर्श किया था।
कर्नाटक में नीलामी प्लेटफार्म पर चालू फसल सीजन के दौरान पंजीकृत 40,207 किसानों ने 60,782 हेक्टेयर क्षेत्र में एफसीवी तंबाकू की खेती की। प्रदेश में जून और जुलाई 2022 के महीनों के दौरान निरंतर बारिश के कारण तम्बाकू बोर्ड द्वारा निर्धारित 10 करोड़ किलोग्राम तम्बाकू उत्पादन की जगह उत्पादन करीब छह करोड़ किलोग्राम ही रहा।
बयान में कहा गया है कि अधिशेष एफसीवी तम्बाकू की बिक्री पर कोई आर्थिक दंड नहीं लगाने के निर्णय से कर्नाटक के किसानों को इस फसल सीजन में कम उत्पादन के कारण हुए नुकसान की भरपाई करने में बहुत लाभ होगा। सरकार का मानना है कि इस निर्णय से एफसीवी तम्बाकू किसानों को कम उत्पादन और कम आय के कारण हुई उनकी वित्तीय तकलीफों से उबरने में प्राथमिक सहायता करेगी।