मेरठ । मेरठ में औघडऩाथ मंदिर पर सुरक्षा व्यवस्था के बीच जलाभिषेक किया जाएगा। जहां एक ओर एटीएस, आरएएफ और पीएसी की तैनाती की जा रही है तो दूसरी ओर तीन सीओ और दस इंस्पेक्टर की ड्यूटी भी लगाई गई है। सीसीटीवी से मंदिर और आसपास आने वाले लोगों की निगरानी रखी जाएगी। वहीं इंटेलीजेंस की टीम भी अलर्ट कर दी गई है। औघडऩाथ मंदिर पर ड्रोन से भी निगरानी की जाएगी। बता दें कि 18 फरवरी शनिवार को महाशिवरात्रि है। कांवडिय़ों के साथ ही अन्य श्रद्धालु भी सुबह से ही जलाभिषेक करने के लिए पहुंचने लगते हैं। एसपी सिटी पीयूष ने बताया कि मंदिर से दो सौ मीटर की दूरी पर हर तरफ बैरिकेडिंग कर दी जाएगी। उससे आगे सिर्फ पैदल ही जा सकेंगे।
सुरक्षा के लिहाज से दो कपंनी पीएसी, एक कंपनी आरएएफ के साथ ही, तीन सीओ, 10 इंस्पेक्टर, चार थाना प्रभारी, 25 दारोगा, 150 पुरुष सिपाही, 50 महिला सिपाही के साथ ही सादे कपड़ों में भी बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को लगाया गया है। सुबह चार बजे से ड्यूटी शुरू हो जाएगी, जो रात में मंदिर के बंद होने तक दो शिफ्ट में चलेगी। एटीएस की टीम भी आएगी।
शनिवार सुबह चार बजे से शुरू हो जाएगा रूट डायवर्जन
महाशिवरात्रि पर्व को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने शहर में रूट डायवर्जन जारी कर दिया है। शनिवार को महाशिवरात्रि का पर्व है। एसपी ट्रैफिक जितेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि महाशिवरात्रि की सुबह चार बजे से रात्रि 12 बजे तक श्री औघडऩाथ मंदिर परिसर व आसपास के क्षेत्र में रूट डायवर्जन किया जाएगा।
हनुमान चौक की तरफ से आने वाले बड़े व छोटे वाहनों को नैंसी चौराहे पर रोक दिया जाएगा। वहां से पैदल ही श्रद्धालुओं को श्री औघडऩाथ मंदिर परिसर में भेजा जाएगा। भूसामंडी की तरफ से आने वाले वाहनों को पाइन पार्क के पास रोका जाएगा। वहां वाहनों का अस्थाई स्टैंड बनाया जाएगा। वेस्ट एंड रोड से आने वाले वाहनों को श्री बालाजी मंदिर के पास ही रोका जाएगा। वहां से पैदल ही श्रद्धालुओं को श्री औघडऩाथ मंदिर की तरफ रवाना किया जाएगा।
कांवडियों को कोई परेशानी न हो इसलिए हापुड़ अडडे, नई सड़क, तेजगढ़ी, ईव्ज चौराहा, बच्चा पार्क, बेगमपुल पर कांवडिय़ों की सुरक्षा को लेकर डिवाइडर लगाए गए हैं। बड़े वाहनों को एक तरफ से निकाला जा रहा है।
वेस्ट एंड रोड पर बालाजी मंदिर की तरफ बैरियर लगाए जाएंगे
रूट डायवर्जन में एक तरफ तो वेस्ट एंड रोड पर बालाजी मंदिर की तरफ बैरियर लगाए जाएंगे। यहां से दोपहिया और चौपहिया वाहनों को दर्शन एकेडमी वाली रोड पर औघडऩाथ मंदिर तक प्रवेश नहीं दिया जाएगा। दूसरा बैरियर एडवोकेट हाउस वाली रोड पर लगाया जाएगा। यहां पर केवल शिवभक्तों और कांवडिय़ों को प्रवेश दिया जाएगा। यहां पर किसी तरह के वाहनों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। दोनों जगह बैरियर लगाकर यातायात पुलिस को तैनात किया जाएगा।
वहीं, बागपत में पुरा महादेव मंदिर पर यातायात व्यवस्था बनवाने के लिए मेरठ के एसपी यातायात जितेंद्र श्रीवास्तव को भेजा गया है। एसपी यातायात जितेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि पुरा महादेव पर सुरक्षा का खाका तैयार कर लिया गया है।
महाशिवरात्रि पर औघडनाथ मंदिर में पुलिस की ड्यूटी लगा दी गई है। सीसीटीवी से भी निगरानी रखी जाएगी। आरएएफ और पीएसी की कंपनी भी हमें मिल गई है। इंटेलीजेंस की टीम भी अपनी निगरानी रखेगी। अन्य शिवालयों पर भी थाने का फोर्स तैनात रहेगा।
– रोहित सिंह सजवाण एसएसपी, मेरठ
000