Home » राज्य स्तरीय युवा महोत्सव: 38 विधाओं में नृत्य, खेल, भाषण, निबंध, चित्रकला और क्विज प्रतियोगिता का होंगे आयोजन

राज्य स्तरीय युवा महोत्सव: 38 विधाओं में नृत्य, खेल, भाषण, निबंध, चित्रकला और क्विज प्रतियोगिता का होंगे आयोजन

by Bhupendra Sahu
  • राजधानी में 28 जनवरी से तीन दिवसीय युवा महोत्सव
  • सुआ, पंथी, करमा, सरहुल, बस्तरिया, राउत नाचा की युवा महोत्सव में रहेगी धूम

रायपुर,मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल एवं खेल मंत्री श्री उमेश पटेल के नेतृत्व में राज्य शासन, खेल एवं युवा कल्याण विभाग और संस्कृति विभाग द्वारा राजधानी रायपुर में 28 जनवरी से तीन दिवसीय राज्य स्तरीय युवा महोत्सव और छत्तीसगढ़ लोक साहित्य सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इस युवा महोत्सव में प्रदेशभर के 3 हजार से अधिक प्रतिभागी 38 विविध विधाओं में शामिल होंगे। छत्तीसगढ़ी ग्रामीण पृष्ठभूमि से संबंधित खेल फुगड़ी, भौंरा, गंेड़ी दौड़, कबड्डी एवं खो-खो के साथ-साथ छत्तीसगढ़ी लोक-गीत और लोक-नृत्य करमा, राउत नाचा, पंथी, सरहुल, सुवा, बस्तरिया नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति राज्य स्तरीय युवा महोत्सव में दिखाई देगी। साथ ही छत्तीसगढ़ी संस्कृति से संबंधित चित्रकला, छत्तीसगढ़ की पारंपरिक वेशभूषा और व्यंजनों का फूड-फेस्ट का आयोजन महोत्सव में किया जाएगा। संस्कृति विभाग द्वारा इस वर्ष 28 से 30 जनवरी तक छत्तीसगढ़ लोक साहित्य सम्मेलन का भी आयोजन किया जाएगा।

राज्य स्तरीय युवा महोत्सव के पहले दिन 28 जनवरी को राजधानी रायपुर के साइंस काॅलेज मैदान खेल संचालनालय परिसर में दोपहर 2 बजे से 6 बजे तक मुख्य मंच में लोकनृत्य एवं करमा नाच, द्वितीय मंच में बस्तरिया नाच तथा ओपन मंच में राउत नाचा की प्रस्तुति होगी। पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम के 1500 सीटर हॉल में दोपहर 2 बजे से शाम 6.30 बजे तक लोकगीत और तात्कालिक भाषण, 100 सीटर हॉल में दोपहर 2 बजे से 6 बजे तक शास्त्रीय संगीत हिन्दुस्तानी और कर्नाटका संगीत, 60 सीटर हॉल में दोपहर 2 बजे से 7 बजे तक तबला और गिटार वादन की प्रतियोगिताएं होंगी। खेल संचालनालय के ऊपर के हॉल में दोहपर 2 बजे से शाम 6 बजे तक निबंध और चित्रकला प्रतियोगिता होगी। विश्वविद्यालय खेल परिसर के शारीरिक शिक्षा शिक्षण विभाग खुला मैदान और हॉल में दोपहर 1 बजे से खो-खो महिला एवं पुरुष, कबड्डी महिला एवं पुरुष तथा कुश्ती महिला एवं पुरुष वर्ग की प्रतियोगिताएं होंगी।

युवा महोत्सव के दूसरे दिन 29 जनवरी को खेल संचालनालय परिसर के मुख्य मंच में सुबह 9 बजे से दोपहर 4 बजे तक पंथी नृत्य और सरहुल नृत्य, दूसरे मंच में सुबह 9 बजे से 5 बजे तक सुवा नृत्य और पारंपरिक वेशभूषा और ओपन मंच में सुबह 9 बजे से दोपहर 4.30 बजे तक फुगड़ी और भौरा की प्रतियोगिता होगी। पंडित दीनदयाल ऑडिटोरियम के 1500 सीटर हॉल में सुबह 9 बजे से शाम 7.30 बजे तक एकांकी नाटक, 100 सीटर हॉल में सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे शास्त्रीय नृत्य भरत नाट्यम, कत्थक, ओडिसी, कुचीपुड़ी और मणिपुरी नृत्य और 60 सीटर हॉल में सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक बांसुरी वादन, हारमोनियम, मृदंगम, सितार और वीणा प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। खेल संचालनालय के ऊपर के हाल में सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक वाद-विवाद और क्विज प्रतियोगिता तथा खेल परिसर डोम में सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक फूड फेस्टिवल तथा विश्वविद्यालय खेल परिसर मैदान में खो-खो महिला वर्ग सेमी फाइनल और फाइनल राऊंड, कबड्डी महिला वर्ग सेमी फाइनल और फाइनल राऊंड, कुश्ती महिला वर्ग सेमी फाइनल और फाइनल राऊंड और गेड़ी दौड़ का आयोजन होगा।

राज्य स्तरीय युवा महोत्सव के अंतिम दिन 30 जनवरी को खेल संचालनालय परिसर साइंस कॉलेज मैदान के मुख्य मंच में सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक रॉक बैंड, विश्वविद्यालय खेल परिसर के शारीरिक शिक्षा शिक्षण विभाग खुला मैदान और हॉल में सुबह 9 बजे से 11 बजे तक खो-खो महिला एवं पुरुष वर्ग का फाइनल राउंड एवं हार्ड लाइन मैच, कबड्डी महिला एवं पुरुष वर्ग का फाइनल राउंड एवं हार्ड लाइन मैच तथा कुश्ती महिला एवं पुरुष वर्ग की फाइनल राउंड प्रतियोगिताएं होंगी। इसी दिन शाम 4 बजे से खेल संचालनालय परिसर साईंस कालेज मैदान के मुख्य मंच में समापन समारोह का आयोजन होगा। राज्य स्तरीय युवा महोत्सव में 15 से 40 वर्ष और 40 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के प्रदेश भर के तीन हजार प्रतिभागी भाग लेंगे।

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More