झांसी। बुन्देलखंड के ललितपुर जिले में थानाध्यक्ष द्वारा न्याय की गुहार लगाने आई 13 वर्षीय बालिका के साथ रेप की वारदात पर राजनीति गरमा रही है। गुरुवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अखिलेश यादव ललितपुर पहुंच कर पीडि़त परिवार से मिले। बाद में झांसी में उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए योगी सरकार को आड़े हाथों लिया। झांसी पहुंचे अखिलेश यादव ने कहा कि यूपी की कानून व्यवस्था सबसे खराब है। देश में सबसे ज्यादा कस्टोडियन डेथ यूपी में हो रही हैं। जिनके कंधे पर सुरक्षा की जिम्मेदारी है वह ही भक्षक बन गए हैं। उन्होंने योगी सरकार से ललितपुर रेप पीडि़ता को न्याय देने की मांग की, साथ ही 50 लाख रुपए की सहायता राशि भी प्रदान करने की मांग की।
एक और सवाल के जवाब में अखिलेश ने कहा कि चाचा शिवपाल अपनी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं, वो अपने दल को मज़बूत करें।
बताते चलें कि ललितपुर जिले में रेप पीडि़ता के परिजनों से मुलाकात करने के बाद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव झांसी पहुंचे। जहां उन्होंने एक स्थानीय होटल में पत्रकारों से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान उन्होंने बताया कि ललितपुर में वह रेप पीडि़ता की मां से मिले हैं। जहां उनके दर्द को उन्होंने सुना और भरोसा दिया कि न्याय दिलाने के लिए हर सम्भव मदद करेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि अब सपा के लोग जनता को न्याय दिलाने के लिए सड़कों पर निकल पड़े हैं। उन्होंने कहा कि अब सपा बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर व लोहिया के सिद्धांतों पर चलेगी।
इसके अलावा अखिलेश यादव ने कहा कि ललितपुर की घटना ने हम सबको शर्मिंदा किया। जिनके कंधे पर सुरक्षा की जिम्मेदारी होती है। आज वही रक्षा करने वाली पुलिस भक्षक बन गई। योगी सरकार को पता चल गया था, वह ललितपुर जा रहे हैं। इसीलिए आरोपी इंस्पेक्टर गिरफ्तार हो गया है। आरोपी पुलिस वाला पकड़ा गया, जेल भेज दिया गया। कब सरकार ऐसे अधिकारियों को टर्मिनेट करेगी? समाजवादी लोग निकल पड़े इसलिए कार्यवाही करनी पड़ी।
अखिलेश यादव ने कहा कि यूपी की कानून व्यवस्था सबसे खराब है। देश में सबसे ज्यादा कस्टोडियन डेथ यूपी में हो रही हैं। जगह-जगह अपराधिक घटनाएं हो रही हैं। अब तो थानों में भी बहन-बेटियां सुरक्षित नहीं है। गोरखपुर में कारोबारी को पीट पीटकर पुलिस ने मार डाला। चंदौली में दो बहनों को पुलिस ने इस कदर पीटा कि एक बहन की जान ले ली। यूपी की पुलिस लगातार इस तरह का काम कर रही है।
कोर्ट के स्टे के बावजूद बुलडोजऱ से घर तोड़ दिया जाता है। जाति, धर्म विशेष के लोग कुछ करें तो बुलडोजऱ निकल पड़ता है। बीजेपी के लोग कब्ज़ा करें तो कुछ नहीं होता। रिजर्व बैंक के नए फैसले से लोग परेशान हैं। पहले बैंक में कुछ पैसा रखकर लोन मिलता था। लेकिन अब बैंक में पैसा रखना ही गुनाह है।
भाजपा के मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का नाम लेते हुए उन्होंने कहा कि यूपी में एक मंत्री कह रहे थे, थोड़ा कमाओ, सब डकार न जाओ। एक मंत्री अस्पताल जाते हैं और कहते हैं कि हम शर्मिंदा हैं। कल जिस अस्पताल में मैं गया था वहां न डॉक्टर थे, न दवाई थी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी बुंदेलखंड दौरे पर आएं तो ललितपुर में पीडि़ता की मां से भी अवश्य मिलें। साथ ही पीडि़त परिवार को 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी दें।