लिविंग रूम की सजावट के दौरान बैठने की व्यवस्था यानी सीटिंग अरेंजमेंट पर खास ध्यान देना जरूरी है। यूं तो इसके लिए मार्केट में कई तरह के फर्नीचर और अन्य विकल्प मौजूद हैं, लेकिन अगर आपका लिविंग रूम छोटा है तो आपको बैठने की जगह को बेहद स्मार्टली व्यवस्थित करना होगा। आइए आज हम आपको छोटे लिविंग रूम के लिए बैठने की व्यवस्था करने के कुछ बेहतरीन आइडियाज बताते हैं।
हल्के और मूवेबल फर्नीचर का करें चयन
अगर आप अपने छोटे लिविंग रूम में बैठने की व्यवस्था कर रहे हैं तो आपको हैवी या बल्की फर्नीचर की जगह हल्के और मूवेबल फर्नीचर को चुनना चाहिए। उदाहरण के लिए, हैवी और बड़े साइज सोफा की जगह आप साइड सोफा या फिर काउच आदि को चुन सकते हैं। यह देखने में काफी क्लासी लगता है। आप अपनी जगह को ध्यान में रखते हुए वन सीटर, टू सीटर या थ्री सीटर साइड सोफा या फिर काउच को चुन सकते हैं।
मल्टीपर्पस होनी चाहिए बैठने की व्यवस्था
छोटे लिविंग रूम में बैठने की व्यवस्था करते समय इस स्टेप को बिल्कुल भी नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। ध्यान रखें कि आपको अपनी सारी जरूरतों को एक सीमित जगह में ही पूरा करना है। उदाहरण के लिए, अपने लिविंग रूम के लिए टेबल और कुर्सी का चयन इस तरह करें कि आप उनका इस्तेमाल डाइनिंग टेबल या वर्क टेबल की तरह भी कर पाएं। इसी के साथ इन चीजों के आकार और डिजाइन पर भी ध्यान दें।
रिमूवेबल सिटिंग अरेंजमेंट
अममून जब हम कोई फर्नीचर खरीदते हैं तो आपको हमेशा ही उसके आकार के अनुसार ही उसे अपने घर में कहीं न कहीं रखना पड़ता है, लेकिन अगर सिटिंग अरेंजमेंट रिमूवेबल हो तो उसका इस्तेमाल जैसे चाहे वैसे कर सकते हैं। उदाहरण के लिए, आप फोल्डेबल गद्दा खरीद सकते हैं, जिसे आप फ्लोर पर सोफे और बेड की तरह इस्तेमाल कर सकते हैं और जरूरत न होने पर इसे बेड के अंदर रख सकते हैं।
कस्टमाइज करवाएं फर्नीचर
अपने घर के हिसाब से हर किसी की फर्नीचर की जरूरत अलग हो सकती है। अगर आप अपने छोटे लिविंग रूम के लिए बैठने की व्यवस्था कर रहे हैं तो आपको अपने घर के डिजाइन और जगह पर भी ध्यान देना चाहिए। आप उसके अनुसार राउंड से लेकर एल शेप के सोफे या अन्य फर्नीचर आइटम्स का चयन कर सकते हैं। इसके अलावा, आप अपने लिविंग रूम की जगह को ध्यान में रखकर फर्नीचर को कस्टमाइज भी करवा सकते हैं।
००