Home » फ़ाइनल में पहुंचने के लिए हमें दबाव में भी निखर कर आना होगा : लैंगर

फ़ाइनल में पहुंचने के लिए हमें दबाव में भी निखर कर आना होगा : लैंगर

by Bhupendra Sahu

दुबई । ऑस्ट्रेलिया ने लगातार चार मैचों में लक्ष्य का पीछा करके टी20 विश्व कप के सेमीफ़ाइनल में जगह बनाई है लेकिन अब उनके प्रमुख कोच जस्टिन लैंगर का मानना है कि फ़ाइनल में पहुंचने के लिए उनकी टीम को अब दबाव में निखर कर प्रदर्शन करना होगा। सेमीफ़ाइनल में ऑस्ट्रेलिया का सामना संभावित रूप से पाकिस्तान से होगा, जो अब तक ग्रुप 2 में पहले स्थान पर है। वहीं ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड के बाद अपने ग्रुप में दूसरे स्थान पर रही थी। इस विश्व कप और ख़ासकर दुबई में मुख्यत: लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ही जीत रही हैं। न्यूज़ीलैंड एकमात्र टीम रही जिसने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए दुबई में जीत दर्ज की, लेकिन उनका मुक़ाबला अपेक्षाकृत कमज़ोर टीम स्कॉटलैंड से था।

वहीं ऑस्ट्रेलिया ने टूर्नामेंट का एकमात्र मुक़ाबला इंग्लैंड के खि़लाफ़ पहले बल्लेबाज़ी करते हुए हारा है, जबकि चार मैच दूसरी पारी में बल्लेबाज़ी करते हुए वे जीत चुके हैं। फिर भी कोच लैंगर का मानना है कि नॉकआउट मैचों में बड़े लक्ष्य के दबाव में टीम बिखर सकती है। लैंगर ने कहा, इस टूर्नामेंट में अधिकतर टीमें दूसरी पारी में बल्लेबाज़ी कर जीत रही हैं। हमारे पास एक अतिरिक्त बल्लेबाज़ है, जो दबाव के सामने हमारे लिए उपयोगी साबित हो सकता है। लैंगर ने इस टूर्नामेंट में एक बड़ा बदलाव करते हुए सात बल्लेबाज़ों के साथ जाने का बहादुरी भरा फ़ैसला किया, जो कि उनके दीर्घकालिक संयोजन छह बल्लेबाज़ और पांच गेंदबाज़ से अलग है।

पाकिस्तान के खि़लाफ़ संभावित सेमीफ़ाइनल मुक़ाबले में लैंगर अपने पुराने साथी मैथ्यू हेडन से लंबे समय बाद मिलेंगे। हेडन पाकिस्तानी टीम के कोचिंग स्टाफ़ में हैं। लैंगर ने कहा, हम दोनों लगातार टूर्नामेंट के दौरान एक दूसरे से मैसेज के द्वारा बात करते रहे हैं। हालांकि उनसे मिले काफ़ी समय हो गया है, तो सेमीफ़ाइनल वाला दिन मज़ेदार होगा।

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More