Home » क्रिस गेल ने अभी संन्यास न लेने की पुष्टि की, जमैका में विदाई मैच पर नजरें

क्रिस गेल ने अभी संन्यास न लेने की पुष्टि की, जमैका में विदाई मैच पर नजरें

by Bhupendra Sahu

अबू धाबी । वेस्ट इंडीज के स्टार क्रिकेटर क्रिस गेल ने दोहराया है कि उन्होंने अभी तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास नहीं लिया है। दरअसल ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच में गेल के क्रिकेट से संन्सास लेने की अटकलें तब तेज हो गईं थी, जब वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले रहे ड्वेन ब्रावो के साथ दिखाई दिए थे। यूनीवर्स बॉस गेल ने पुष्टि की है कि वह अपने घरेलू दर्शकों के सामने संन्यास लेना चाहेंगे। उन्होंने कल टीम के आखिरी टी-20 विश्व कप मैच के बाद फेसबुक चैट पर आईसीसी के साथ बातचीत के दौरान कहा, यह एक अभूतपूर्व करियर रहा है, हालांकि अभी मैंने संन्यास की घोषणा नहीं की है, लेकिन अगर मुझे जमैका में मेरे घरेलू दर्शकों के सामने एक मैच खेलने का मौका मिलता है तो मैं ऐलान कर सकता हूं।

गेल ने कहा, देखते हैं, क्या होता। अगर यह मैच नहीं होता तो मैं संन्यास घोषणा कर दूंगा। फिर मैं बैकएंड में ड्वेन ब्रावो के साथ शामिल होऊंगा और सभी को धन्यवाद कहूंगा, लेकिन मैं अभी ऐसा नहीं कह सकता। मैं आज केवल मजाक कर रहा था। जो कुछ हुआ उसे गंभीरता से न लें। मैं केवल स्टैंड में प्रशंसकों के साथ बातचीत कर रहा था और सिर्फ मजाक कर रहा था, क्योंकि यह मेरा आखिरी विश्व कप मैच था।

अनुभवी बल्लेबाज ने अपने लंबे करियर पर भी विचार किया और खुलासा किया कि जब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वेस्ट इंडीज का प्रतिनिधित्व करने की बात आती है तो वह हमेशा जोश से भर जाते हैं। उन्होंने कहा, मैं सच में आज यहां खड़े होने के लिए आभार जताना चाहता हूं। करियर बहुत अच्छा रहा है। मेरे सामने काफी उतार-चढ़ाव आए हैं। मैंने वेस्ट इंडीज क्रिकेट में खून पसीना बहाया है। मैं वेस्ट इंडीज के लिए बल्लेबाजी करने के लिए अभी भी मौजूद हूं। वेस्ट इंडीज का प्रतिनिधित्व करना हमेशा खुशी की बात थी, मैं वेस्ट इंडीज को लेकर बहुत भावुक हूं। जब हम मैच हारते हैं तो बहुत बुरा लगता है। प्रशंसक मेरे लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं क्योंकि मैं एक एंटरटेनर हूं।

जब मुझे उनका मनोरंजन करने का मौका नहीं मिलता है तो मुझे बहुत दुख होता है। हो सकता है कि आप उन हाव-भाव को न देखें, क्योंकि मैं उस तरह की भावनाओं को नहीं दिखा सकता, लेकिन मैं प्रशंसकों के लिए और विशेष रूप से इस विश्व कप के लिए अंदर से निराश हूं।

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More