नई दिल्ली (एजेंसी)। भारत में अब तक कुल 80 करोड़ लोगों को कोरोना की वैक्सीन लग चुकी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने शनिवार को यह जानकारी दी। देश में टीकाकरण अभियान की शुरुआत 16 जनवरी को हुई थी। इसके पहले चरण में स्वास्थ्यकर्मियों को टीका लगाया गया था। स्वास्थ्य मंत्री ने शनिवार को बताया कि कोविड 19 के खिलाफ भारत बहुत ही मजबूती के साथ खड़ा है। यहां पर अभी तक कुल 80 करोड़ लोगों को कोरोना का टीका लगाया जा चुका है। इस शानदार उपलब्धि के लिए पूरे देश को बधाई। इस ट्वीट के साथ स्वास्थ्य मंत्री ने वर्ल्ड लारजेस्ट वैक्सीन ड्राइव हैशटैग का इस्तेमाल किया। गौरतलब है कि शुक्रवार को भारत में 24 घंटे के अंदर कुल 2.5 करोड़ लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया। मंडाविया ने इसे विश्व के अध्याय में एक सुनहरा अध्याय बताया।
ऐसे बढ़ते गए टीकाकरण के आंकड़े
स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक भारत में दस करोड़ वैक्सीनेशन होने में 85 दिन लगे। इसके अगले 45 दिनों में यह आंकड़ा 20 करोड़ तक पहुंच गया। 20 से 30 करोड़ पहुंचने में केवल 29 दिन का समय लगा। वहीं 30 करोड़ से 40 करोड़ तक पहुंचने में देश को केवल 24 दिनों का समय लगा। मिनिस्ट्री ने बताया कि छह अगस्त को भारत ने 40 करोड़ का आंकड़ा छू लिया था। इसके बाद अगले 19 दिन में 60 करोड़ और उसके बाद अगले 13 दिन में आंकड़ा 60 से 70 करोड़ तक पहुंच चुका था। 13 सितंबर तक देश में लगाए गए कुल कोरोना टीकों का आंकड़ा 75 करोड़ तक था।