Home » किसी भी क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए शिक्षा है जरूरी- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

किसी भी क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए शिक्षा है जरूरी- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

by Bhupendra Sahu

रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज यहां राजधानी रायपुर के पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के प्रेक्षागृह में आयोजित रक्तदान अमृतोत्सव 2.0 कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए शिक्षा जरूरी है। शिक्षा केवल डिग्री हासिल करके नौकरी प्राप्त करने का माध्यम नहीं है। मनुष्य को जीवन मे किसी भी क्षेत्र में सफल होना है तो शिक्षा आवश्यक है।
राष्ट्रीय सेवा योजना राज्य प्रकोष्ठ, उच्च शिक्षा विभाग एवं पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर के संयुक्त आयोजन में सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जानकारी दी गयी कि इसके अंतर्गत 10000 यूनिट रक्तदान का लक्ष्य रखा गया है। 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा पखवाड़ा के तहत प्रदेश भर के महाविद्यालयों में रक्तदान सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मैं आज भगवान विश्वकर्मा जयंती की आप सबको शुभकामनाएं देता हूं। भगवान विश्वकर्मा का आशीर्वाद पूरे छत्तीसगढ़ पर हम सब लोगों के ऊपर हमेशा बना रहे। आज सेवा पखवाड़ा के प्रथम दिन ही आप सब लोग यहां पर रक्तदान का कार्यक्रम रखे हैं। मैंने आज यहां रक्तदान कर रहे भाई-बहनों से मुलाकात की। उन्हें मैं बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं देता हूँ। रक्तदान से हम न सिर्फ लोगों की जीवन रक्षा कर सकते हैं बल्कि रक्तदाता को भी इसका लाभ होता है। रक्तदान बार-बार किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं विद्यार्थियों से कहना चाहूंगा कि यही अवसर है शिक्षा प्राप्त करने का। आज सरकार की तरफ से बहुत सारी सुविधाएं शिक्षा के लिए दी जा रही हैं। आप सभी को इनका लाभ उठाते हुए खूब मन लगाकर पढ़ाई करनी चाहिए। शिक्षा के क्षेत्र में हमारी सरकार लगातार काम कर रही है।

मुख्यमंत्री रक्तदान अमृतोत्सव 2.0 कार्यक्रम में हुए शामिल

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि हमारा प्रदेश खनिज संपदा, वन संपदा सहित सभी क्षेत्रों में बहुत समृद्ध है। पूरे देश में छत्तीसगढ़िया को सबले बढ़िया कहा जाता है। छत्तीसगढ़ के विकास में सबसे बड़ी रुकावट नक्सलवाद को भी हम लोग समाप्त करने में कामयाब हो रहे हैं। हमारे केंद्रीय सुरक्षा बल के जवान और छत्तीसगढ़ पुलिस बल के जवान नक्सलियों का मुकाबला कर रहे हैं। लगातार ऑपरेशन हो रहे हैं। हमें नक्सलवाद को पूर्णतः समाप्त करने में जल्द सफलता मिलेगी। बस्तर में भी विकास की गंगा बहेगी। हम सब मिलकर एक विकसित छत्तीसगढ़ खड़ा करेंगे।
उच्च शिक्षा मंत्री श्री टंकराम वर्मा ने कहा कि प्रदेश के युवाओं का उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित करने सरकार संकल्पित है। उच्च शिक्षा विभाग में 700 पदों पर भर्ती के लिए स्वीकृति दी गयी है। एनएसएस सिर्फ एक संगठन नहीं बल्कि एक विचार है जो समाज को जोड़ने का कार्य करता है। लाखों युवा इससे जुड़कर अपना अतुलनीय योगदान समाज में दे रहे हैं।

मुख्यमंत्री रक्तदान अमृतोत्सव 2.0 कार्यक्रम में हुए शामिल

कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि भारतीय संस्कृति में सेवा का भाव निहित है। रक्तदान सबसे बड़ा दान है। किसी और के लिए जीना बहुत बड़ी बात है। हमारी सरकार युवाओं के भविष्य को संवारने के लिए लगातार कार्य कर रही है। हमारा उद्देश्य युवाओं को शिक्षा के साथ रोजगार उपलब्ध कराते हुए उनके व्यक्तित्व का निर्माण करना है।

सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि हमें देश के लिए जीना चाहिए। रक्तदान करके हम किसी को जीवन दे सकते हैं। यह लोगों की सेवा का एक अवसर है। एनएसएस लगातार जनसेवारत रहता है। आप सभी जीवन में सेवा का संकल्प लें। आप चाहे रक्तदान करें या बच्चों को पढ़ाकर शिक्षित बनाएं। सेवा से जीवन यशस्वी बनता है।

कार्यक्रम में आयुक्त उच्च शिक्षा श्री संतोष देवांगन, कुलपति पंडित रविशंकर विश्वविद्यालय डॉ सच्चिदानंद शुक्ल, राज्य एनएसएस अधिकारी डॉ नीता बाजपेयी, कुलसचिव पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय प्रो अम्बर व्यास तथा बड़ी संख्या में एनएसएस के विद्यार्थी उपस्थित थे।

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More