रायपुर। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) रायपुर में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 31 मई से 5 जून 2025 तक सप्ताह भर चलने वाली विविध गतिविधियों का शुभारंभ किया गया। यह गतिविधियां माननीय प्रधानमंत्री द्वारा प्रारंभ किए गए “मिशन लाइफ” के उपलक्ष्य में, शिक्षा मंत्रालय एवं पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के निर्देशानुसार आयोजित की जाएगी। इस वर्ष का विषय “वैश्विक स्तर पर प्लास्टिक प्रदूषण का अंत” रहेगा, जिसके अंतर्गत संस्थान द्वारा सतत विकास और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनचेतना को बढ़ावा देने हेतु विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
गतिविधियों की श्रृंखला की शुरुआत 31 मई 2025 को वॉकाथॉन और शपथ समारोह से हुई, जो संस्थान के मुख्य भवन में आयोजित हुआ। इस अवसर पर संस्थान के डीन (स्टूडेंट वेलफेयर) तथा वार्ड क्रमांक 20, कोटा, रायपुर के पार्षद श्री अमन सिंह ठाकुर उपस्थित रहे। यह कार्यक्रम एप्लाइड जियोलॉजी विभाग के विभागाध्यक्ष एवं एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. डी. सी. झारिया के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में डॉ. गोविंद पी. गुप्ता, डॉ. देबाशीष मिश्रा, संकाय सदस्य, कर्मचारी, स्कॉलर और छात्र उपस्थित रहे।