रतनपुर । धर्मनगरी रतनपुर स्थित प्राचीन भैरव बाबा मंदिर प्रांगण में अखंड ब्राम्हण समाज सेवा समिति के तत्वावधान में 31 बटुकों का वैदिक रीति-रिवाजों के साथ भव्य उपनयन संस्कार सम्पन्न हुआ। यह आयोजन धार्मिक परंपराओं, वेद मंत्रों और गुरु-शिष्य परंपरा की साक्षात अनुभूति कराने वाला रहा।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए भैरव बाबा मंदिर के प्रबंधक एवं मठाधीश पं. जागेश्वर अवस्थी ने बताया कि उपनयन संस्कार सनातन धर्म के सोलह संस्कारों में सर्वोपरि माना गया है। यह वह पुण्य अवसर होता है जब बटुक को वेदों की दीक्षा देकर ब्राह्मणत्व की दिशा में पहला आध्यात्मिक कदम उठाने का अधिकार प्राप्त होता है। उन्होंने बताया कि यह संस्कार जीवन में केवल एक बार ही होता है और इसका प्रभाव व्यक्ति के पूरे जीवन पर परिलक्षित होता है। पं. अवस्थी ने आगे कहा कि भगवान भैरव बाबा के सान्निध्य और आशीर्वाद से यह आयोजन अत्यंत शुभ और पावन वातावरण में सम्पन्न हुआ। आचार्यों द्वारा बटुकों को वैदिक मंत्रों और आचारशास्त्र की बुनियादी शिक्षाएं दी गईं।