Home » कोहली-रोहित के बाद जडेजा ने भी लिया टी-20 अंतरराष्ट्रीय से संन्यास

कोहली-रोहित के बाद जडेजा ने भी लिया टी-20 अंतरराष्ट्रीय से संन्यास

by Bhupendra Sahu

नई दिल्ली । विराट कोहली और रोहित शर्मा के बाद भारतीय टीम के स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने भी टी20 अंतरराष्ट्रीय से संन्यास की घोषणा कर दी है। उन्होंने इसकी जानकारी इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए दी। हालांकि, वह भारत के लिए अन्य प्रारूपों में खेलते रहेंगे। भारत ने शनिवार को बारबाडोस में दक्षिण अफ्रीका को सात रनों से हराकर टी20 विश्व कप 2024 के खिताब पर कब्जा जमाया।

जडेजा ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, “पूरे दिल से आभार जताते हुए मैं टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों को अलविदा कहता हूं। गर्व से सरपट दौड़ने वाले एक दृढ़ घोड़े की तरह मैंने हमेशा अपने देश के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ दिया है और अन्य प्रारूपों में भी ऐसा करना जारी रखूंगा। टी20 विश्व कप जीतना एक सपना सच होने जैसा था, मेरे टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का एक शिखर। यादों, उत्साह और अटूट समर्थन के लिए धन्यवाद। जय हिंद।”

टी20 विश्व कप 2024 में जडेजा का प्रदर्शन
अमेरिका और वेस्टइंडीज की मेजबानी में खेले गए टी20 विश्व कप 2024 में रवींद्र जडेजा कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाए थे। वह गेंद और बल्ले से प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहे थे। मौजूदा टूर्नामेंट में उन्होंने कुल आठ मैच खेले और सिर्फ 35 रन बनाए। वहीं, उन्हें मात्र एक विकेट मिला।

जडेजा का टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर
भारत के लिए रवींद्र जडेजा ने 2009 में डेब्यू किया था। इस प्रारूप में उन्होंने कुल 74 मैच खेले। इनमें स्टार ऑलराउंडर ने 127.16 के स्ट्राइक रेट से 515 रन बनाए और 54 विकेट अपने नाम किए। इसके अलावा बाएं हाथ के गेंदबाज ने भारतीय टीम का टी20 विश्व कप में 2009 से 2024 तक प्रतिनिधित्व किया। इस दौरान उन्होंने कुल 30 मैच खेले। इनमें जडेजा ने कुल 130 रन बनाए और 22 विकेट अपने नाम किए। वहीं, एशिया कप में उन्होंने छह मैच खेले। इनमें उन्होंने दो पारियों में 35 रन बनाए और चार विकेट चटकाए।

भारत ने जीता टी20 विश्व कप 2024 का खिताब
बारबाडोस के मैदान में शनिवार को खेले गए टी20 के फाइनल मुकाबले में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को सात रनों से हरा दिया। इसी के साथ भारत ने आईसीसी ट्रॉफी जीतने के 11 साल के इंतजार को भी खत्म कर दिया। आखिरी बार भारत ने 2013 में महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में चैंपियंस ट्रॉफी जीता था। हालांकि, इस जीत के साथ टीम इंडिया ने दूसरी बार टी20 विश्व कप का खिताब अपने नाम किया। भारत के इस जीत के साथ सभी खिलाड़ियों के आंखों में खुशी के आंसू थे।

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More