नई दिल्ली )। मानसून मुंबई में प्रवेश कर गया है और अब यह तेजी से उत्तर भारत की ओर बढ़ रहा है। मुंबई में कई हिस्सों में भारी बारिश देखने को मिल रही है।
साथ ही महाराष्ट्र के कई जिलों में भी भारी से अति भारी बारिश जारी है। आगामी दिनों में मानसून उत्तरी राज्यों में भी प्रवेश कर जाएगा। हालांकि मौसम विभाग ने कुछ राज्यों में लू का अलर्ट जारी किया है। साथ ही गोवा, दक्षिण मध्य महाराष्ट्र और तटीय कर्नाटक और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक पर अगले दो दिन तक अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरी कोंकण और उत्तरी मध्य महाराष्ट्र में भारी से अति भारी बारिश की संभावना है। वहीं कोंकण, मध्य महाराष्ट्र, तटीय कर्नाटक और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक के साथ केरल में तीन से चार दिनों तक भारी बारिश का अनुमान है।