कोलकाता भारतीय शतरंज ग्रैंडमास्टर रमेशबाबू प्रगनाननंदा ने पीएम मोदी के साथ मुलाकात के बारे में खुलकर बात की है। वह अपने परिवार के साथ 31 अगस्त को भारतीय प्रधानमंत्री से मिले थे। प्रगनाननंदा और पीएम मोदी दोनों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर इस मुलाकात की फोटो शेयर की थी और इसके बारे में जानकारी दी थी। प्रगनाननंदा ने उनके और उनके परिवार के उत्साहवर्धन के लिए प्रधानमंत्री मोदी को शुक्रिया अदा किया था। वहीं, पीएम मोदी ने प्रगनाननंदा के शानदार प्रदर्शन और मेहनत के लिए उनकी तारीफ की थी।
अब प्रगनाननंदा ने इस मुलाकात के बारे में बात की है। उन्होंने कहा “उन्होंने मुझसे मेरी ट्रेनिंग के बारे में पूछा। मैं पीएम से मिलकर बहुत खुश हूं और उनके साथ बातचीत करके बहुत मजा आया। उन्होंने मुझे कुछ सुझाव दिए। मैं उनकी शुभकामनाओं और समर्थन के लिए उन्हें धन्यवाद देता हूं।”