मुंबई आरबीआई के 2,000 रुपये के नोट को चलन से वापस लेने के बाद बैंकों के जमा में अच्छी-खासी बढ़ोतरी देखने को मिली है। बैंकों में जमा जून, 2023 में बढ़कर 191.6 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया है।
यह मार्च, 2017 के बाद बैंक जमा का छह साल का उच्च स्तर है। केयर रेटिंग्स के वरिष्ठ निदेशक संजय अग्रवाल ने बताया, 30 जून को समाप्त पखवाड़े में जमा राशि सालाना आधार पर 13 फीसदी बढ़कर 191.6 लाख करोड़ रुपये पहुंच गई। इसकी मुख्य वजह 2,000 रुपये के नोट को चलन से वापस लेना और जमा राशि पर उच्च ब्याज दर मिलना है।
केंद्रीय बैंक ने इस माह की शुरुआत में कहा था कि 2,000 रुपये के कुल 3.62 लाख करोड़ नोट में से तीन चौथाई से अधिक बैंकों के पास वापस आ गए हैं। इनमें से 85 फीसदी नोट लोगों ने अपने बैंक खातों में जमा कराए हैं।