Home » क्रंच बनाम सिट-अप्स: जानिए किस एक्सरसाइज का चयन करना रहेगा ज्यादा बेहतर

क्रंच बनाम सिट-अप्स: जानिए किस एक्सरसाइज का चयन करना रहेगा ज्यादा बेहतर

by Bhupendra Sahu

शरीर को फिट एंड फाइन बनाए रखने में कई तरह की एक्सरसाइज हैं। वर्तमान में लोगों के बीच क्रंच काफी मशहूर है, वहीं सिट-अप्स का बोलबाला भी कुछ कम नहीं है। हालांकि, कई लोग क्रंच और सिट-अप्स के बीच चयन करने में भ्रमित होते हैं। इसका कारण है कि दोनों की मुद्रा एक जैसी है, लेकिन इनकी तकनीक अलग-अलग है। आइए आज हम आपको दोनों एक्सरसाइज करने का तरीका और इनके फायदे बताते हैं।
कैसे की जाती है क्रंच एक्सरसाइज?

सबसे पहले जमीन पर पीठ के बल लेट जाएं। अब दोनों पैरों को घुटनों से मोड़ते हुए तलवों (पगतलियों) को फर्श पर रखें। इसके बाद दोनों हाथों की उंगलियों को आपस में मिलाएं और उन्हें सिर के पीछे के हिस्से पर रखें। इस दौरान गर्दन को सीधा रखें और फिर सांस छोड़ते हुए कंधों को फर्श से थोड़ा ऊपर उठाएं। इसके बाद सांस लेते हुए सिर और कंधों को नीचे फर्श पर रखें। ऐसा 15-20 बार करें।
सिट-अप्स एक्सरसाइज कैसे की जाती है?
सिट-अप्स के लिए सबसे पहले एक्सरसाइज मैट पर सीधे लेट जाएं। अब दोनों हाथों को सीधा फर्श पर रखें और दोनों पैरों को घुटनों से मोड़ कर जमीन पर रखें। इसके बाद दोनों हाथों को ऊपर ले जाकर सिर के पीछे रख लें और सांस छोड़ते हुए शरीर के ऊपरी हिस्से को उठाकर घुटनों के करीब लाएं। अब सांस लेते हुए फिर से लेट जाएं। ऐसा 10-12 बार करें।
क्रंच के फायदे
रोजाना क्रंच एक्सरसाइज करने से पेट की अतिरिक्त चर्बी कम करने के साथ आकर्षक एब्स बनाने में भी मदद मिल सकती है। पाचन क्रिया को मजबूत करने के लिए भी क्रंच एक्सरसाइज अच्छी मानी जाती है। इसी तरह शरीर को लचीला बनाने, कैलोरी को जलाने, वजन कम करने, पीठ और गर्दन पर सकारात्मक प्रभाव डालने में भी यह काफी मददगार है। इसका नियमित अभ्यास आपको दिनभर तरोताजा रखने के साथ सक्रिय भी रखता है।
सिट-अप्स करने से मिलने वाले लाभ
सिट-अप एक्सरसाइज पेट की मांसपेशियों को मजबूती देने में मदद कर सकती है। यह दर्द और तनाव को कम करके ऊर्जा के स्तर को बढ़ाने और शरीर की मुद्रा को बेहतर बनाने में मदद कर सकती है। सिट-अप रीढ़ की हड्डी में खिंचाव और जकडऩ से राहत दिलाकर गतिशीलता और लचीलेपन बढ़ाने में भी सहायक है। यह एक्सरसाइज पल्मोनरी फंक्शन में सुधार करने में भी मदद कर सकती है।
दोनों एक्सरसाइज में से किसका चयन करना है ज्यादा बेहतर?
अगर आपका लक्ष्य वजन घटाना है तो क्रंच एक्सरसाइज आपके लिए एक बेहतर विकल्प है। इसका कारण है कि यह हृदय गति बढ़ाती हैं, जिससे आप अधिक से अधिक कैलोरी बर्न कर सकते हैं। वहीं कोर स्ट्रेंथ और मसल टोन को बेहतर बनाने के लिए सिट-अप्स बेहतर विकल्प है। धीमी गति वाली इस एक्सरसाइज यह सुनिश्चित होता है कि शरीर के सभी अंग प्रभावित हों, जिससे मांसपेशियों को बेहतर मजबूती मिले।
००

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More