भिलाई। नगर निगम भिलाई द्वारा वार्ड 33 संतोषी पारा में वैवाहिक व अन्य आयोजनों के लिए डॉ. भीमराव आम्बेडकर मांगलिक भवन का निर्माण किया गया। इस भवन का शुभारंभ होने के बाद वैवाहिक व अन्य समारोहों के लिए दिया जाने लगा है। अब इस भवन के मामले में क्षेत्र के तीन भाजपा पार्षदों ने सोमवार को निगम मुख्यालय का घेराव किया है। वार्ड पार्षदों का कहना है कि छत्तीसगढ़ सरकार व नगर निगम भिलाई द्वारा डॉ. भीमराव आम्बेडकर मांगलिक भवन गरीबी रेखा से नीचे वाले व गरीबों का प्राथमिकता के साथ आबंटन किए जाने के लिए बनाया गया लेकिन इसका लाभ इन्हें नहीं मिल रहा है।
भिलाई निगम का घेराव करने वार्ड संतोषी पारा कैम्प-2 वार्ड क्रमांक-33 की पार्षद शैलजा राजू, वार्ड क्रमांक 31 की पार्षद प्रियंका साहू और वार्ड क्रमांक 32 की पार्षद के साथ बड़ी संख्या में महिलाएं निगम दफ्तर पहुंची। पार्षदों का कहना है कि डॉ. भीमराव आम्बेडकर मांगलिक भवन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा गरीबी रेखा परिवार एवं सामान्य परिवार के लोगों को कम दर पर भवन मुहैया कराये जाने के लिए इसका उद्घाटन किया गया था।
पार्षदों ने बताया कि वर्तमान में उक्त भवन का लाभ न तो गरीबी रेखा वालों को मिल रहा है न ही समान्य परिवार को मिल रहा है। आसपास के वार्डो में निवासरत लोगो को भी इस भवन का लाभ नहीं मिल पा रहा है । पार्षदों ने आयुक्त के नाम ज्ञापन सौंपकर कहा कि संतोषी पारा सहित आसपास के वार्डों में गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करने वाले परिवार बहुतायात संख्या में है।
किन्तु किसी को भी इस भवन का लाभ प्राप्त नही हो रहा है। पार्षदों ने आयुक्त ने निवेदन किया है कि उक्त भवन को गरीब तबके, समान्य परिवार व वार्ड वासियों को कम दर पर उपलब्ध कराने आवश्यक कार्रवाई करें।