Home » केंद्र सरकार छत्तीसगढ़ को दबाना चाहती है – प्रियंका

केंद्र सरकार छत्तीसगढ़ को दबाना चाहती है – प्रियंका

by Bhupendra Sahu

 किसान एक दिन में 27 रुपए कमा रहा और मोदी के मित्र 1600 करोड़

रायपुर  जोरा रायपुर में आयोजित आमसभा में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े, प्रियंका गांधी और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम पहुंचे। दीप प्रज्वलित कर आमसभा की शुरुआत की गई। कांग्रेस अधिवेशन के समापन के बाद विशाल आमसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि किसान एक दिन में 27 रुपए कमा रहा है लेकिन प्रधानमंत्री के मित्र 1600 करोड़ कमा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का इतना बड़ा अधिवेशन आपके प्रदेश में चल रहा है। आपके प्रदेश की सुंदरता के बारे में सुना था। छत्तीसगढ़ प्रदेश से मेरे परिवार का बहुत लगाव है। इस प्रदेश में सामूहिकता की पुरानी परंपरा है। इस देश का संविधान भी सामूहिकता की भावना से ही बना हुआ है। ये संविधान एक सामूहिक परंपरा पर आधारित है। कांग्रेस पार्टी इस संविधान को बचाने का काम कर रही है।

संविधान सभी को समान मौका देता है। इज्जत से जीने का मौका, अपने धर्म को निभाने का मौका देता है। संविधान को मजबूत रखने के लिए मीडिया, न्यायपालिका और संसद है। अगर ये तीनों कमजोर होते हैं तो आपको आपका अधिकार नहीं मिलता है। आज इस देश की परिस्थितियों को समझने की जरूरत है। इस देश की सरकार ने मीडिया को दबाकर रखा है। न्यायपालिका पर सरकार दबाव बनाती है। संसद पर मुद्दों को दबाने की कोशिश होती है।आपने अखबारों में पढ़ा होगा कि छत्तीसगढ़ में लगातार ईडी आईटी के छापे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं पर पड़ रहे हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि हमारे मुख्यमंत्री पूरे देश में नाम कमा रहे है। देश भर में छत्तीसगढ़ का नाम हो रहा है। इसीलिए केंद्र सरकार छत्तीसगढ़ को दबाना चाहती है। छत्तीसगढ़ की सरकार किसी के दमन से नहीं रुकेगी। ये आपका विकास करने के लिए सत्ता में आई है। प्रियंका गांधी ने कहा कि केंद्र सरकार अपनी एजेंसियों को भेजकर प्रदेश को दबाने की कोशिश कर रही है। हम सभी को समझना पड़ेगा। हमारी देश में क्या स्थिति चल रही है।

अगर प्रदेश की नीतियां आपको बचाती नहीं तो केंद्र की नीतियां आपको खत्म कर डालतीं। किसान एक दिन में 27 रुपए कमा रहा है लेकिन प्रधानमंत्री के मित्र 1600 करोड़ कमा रहे हैं। प्रियंका गांधी ने कहा कि सरकार गौतम अडानी को बैंकों से 80 हजार करोड़ रुपए का लोन दे रही है। लेकिन किसानों को लोन देने के नाम पर केंद्र सरकार हाथ उठा लेती है। इस देश में सरकार गरीब आदमी की सुनवाई नहीं कर रही। केंद्र में प्रधानमंत्री से लेकर भाजपा का एक एक कार्यकर्ता अडानी को बचाव और उसके पक्ष में बात करता है। सबका साथ और सबका विकास का नारा अब मित्र का साथ और मित्र के विकास में बदल गया है। आने वाले समय में प्रदेश में चुनाव है। चुनाव से पहले कई बातें सामने आएंगी। धर्म की बात, संप्रदाय की बात, लेकिन आप अपनी बात करिए। इस प्रदेश की सरकार आपके लिए काम कर रही है। छत्तीसगढ़, राजस्थान और हिमाचल में कांग्रेस की सरकार है। इन प्रदेशों में कांग्रेस और भाजपा की सरकारों का अंतर दिखता है।

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More