शहडोल । मध्यप्रदेश के आदिवासी इलाके शहडोल के मध्यमवर्गीय परिवार से ताल्लुक रखने वाली पूजा वस्त्रकार को हाल ही में महिलाओं के आईपीएल के लिए मुंबई की टीम ने एक करोड़ 90 लाख रुपये की बोली लगाकर अपनी टीम का हिस्सा बनाया है। इसके बाद से एक बार फिर पूजा चर्चा में है। वह इलाके के युवा क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए एक रोल मॉडल बन चुकी है। शहडोल की पूजा इन दिनों दक्षिण अफ्रीका में भारतीय टीम के साथ हैं। वहां टी-20 वर्ल्ड कप खेल रही है।
भारतीय टीम की नियमित खिलाड़ी बन चुकी पूजा बचपन से क्रिकेट की दीवानी थी। शुरुआत उसने टेनिस बॉल से खेलकर की। क्रिकेट के प्रति झुकाव बढ़ा तो उसने प्रोफेशनल क्रिकेट की ओर कदम बढ़ाए। आज वह अपनी मेहनत और लगन के बल पर शहडोल जैसे आदिवासी इलाके से भारतीय टीम का सफर पूरा कर चुकी है।