ब्रुसेल्स । बेल्जियम की द्वितीय श्रेणी की लीग में खेलते हुए विंकेल स्पोर्ट बी टीम के 25 साल के गोलकीपर आर्ने एस्पील ने मैच के दौरान एक पेनाल्टी बचाई लेकिन उसके बाद वह मैदान पर गिर गए और उठे ही नहीं। उनका निधन हो गया। हादसा वेस्ट्रोजेबेके टीम के खिलाफ मैच के दौरान दूसरे हाफ का है, तब टीम 2-1 से बढ़त पर थी। मैच वहीं अधूरा समाप्त हो गया।
टीम के सहायक कोच स्टीफन डेवरचिन ने बताया कि उस समय मैच चल रहा था। आर्ने ने पेनाल्टी बचाई, उसके बाद तेजी से खड़े हो गए और अचानक गिर पड़े। यह सब देखना बेहद भयावह था। तुरंत चिकित्सकीय दल बुलाया गया और उन्होंने गोलकीपर की जान बचाने के लिए जो कुछ किया जाना था वो किया लेकिन अस्पताल में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। कई खिलाड़ियों को पता ही नहीं चला कि मैच में अचानक ऐसा क्या हुआ कि खेल रुक गया। अब पोस्टमार्टम में ही उनकी मौत के कारणों का पता चल पाएगा।