Home » दीपिका, रणबीर और सोनम ने बॉलीवुड में पूरे किए 15 साल, ऐसा रहा सफर

दीपिका, रणबीर और सोनम ने बॉलीवुड में पूरे किए 15 साल, ऐसा रहा सफर

by Bhupendra Sahu

रणबीर कपूर, सोनम कपूर और दीपिका पादुकोण बॉलीवुड में आज के दौर के सबसे लोकप्रिय सितारे हैं और इन तीनों सितारों में एक समानता है। 9 नवंबर को तीनों ही सितारे बॉलीवुड में अपने 15 साल पूरे कर रहे हैं। दीपिका, रणबीर और सोनम ने करियर के इन सालों में खूब उतार चढ़ाव देखे हैं। इन्होंने कई यादगार फिल्में दीं तो वहीं कई फिल्में फ्लॉप हुईं। रणबीर ने संजय लीला भंसाली की फिल्म सांवरिया से 2007 में डेब्यू किया था। इस फिल्म ने रणबीर को एक चॉकलेटी बॉय के खांचे में डाल दिया। पहली फिल्म में क्रिटिक्स ने रणबीर का अभिनय नहीं सराहा था। बावजूद इसके उन्होंने बेस्ट डब्यू मेल के लिए फिल्मफेयर पुरस्कार जीता। इसके बाद वेकअप सिड, रॉकेट सिंह और राजनीति जैसी फिल्मों से उनके अभिनय की प्रशंसा हुई। हालांकि, शुरुआती दौर में रणबीर मुख्यत: चॉकलेटी बॉय की छवि में ही रहे।

2011 की फिल्म रॉकस्टार रणबीर के अभिनय के लिए टर्निंग पॉइंट रही। फिल्म में जॉर्डन के किरदार में उन्होंने तेज-तर्रार अभिनय किया। उनकी फिल्म बर्फी भारत की ओर से ऑस्कर के लिए भेजी गई। ये जवानी है दीवानी से उन्होंने युवाओं का दिल जीता तो इम्तियाज अली की तमाशा में उनके अभिनय में परिपक्वता देखने को मिली। फिल्म संजू में उन्होंने संजय दत्त के जीवन के अलग-अलग दौर को प्रदर्शित करने का चुनौतीपूर्ण काम बखूबी किया।
दीपिका पादुकोण ने शाहरुख खान की फिल्म ओम शांति ओम से बॉलीवुड में अपना डेब्यू किया था। रिपोर्ट्स के अनुसार निर्देशक फराह खान ने हिमेश रेशमिया के एक वीडियो में उन्हें देखा था और अपनी फिल्म के लिए पसंद कर लिया। फिल्म में वह डबल रोल में नजर आई थीं। करियर के शुरुआती दौर में दीपिका ज्यादातर अपने ग्लैमरस लुक के लिए पहचानी गईं। बचना ऐ हसीनो, हाउसफुल, दम मारो दम जैसी फिल्मों में उन्होंने अपने ग्लैमर का जादू चलाया।
इम्तियाज अली की फिल्में लव आज कल और कॉकटेल में दीपिका के काम की तारीफ हुई। फिल्म ये जवानी है दीवानी, चेन्नई एक्सप्रेस और तमाशा से दीपिका ने दर्शकों और क्रिटिक्स दोनों के दिलों में जगह बनाई। भंसाली के साथ साझेदारी ने दीपिका की छवि ही बदल दी। भंसाली की फिल्में, गोलियों की रासलीला- रामलीला, बाजीराव मस्तानी और पद्मावत में दीपिका ने अपने काम में महारथ हासिल की और स्टारडम की बुलंदियों को छुआ।
सोनम कपूर ने भी रणबीर के साथ भंसाली की फिल्म सांवरिया से बड़े पर्दे पर अपना सफर शुरू किया था। सोनम इंडस्ट्री में अपने स्टाइल और फैशन के लिए जानी जाती हैं। पर्दे पर वह अपने अभिनय का ज्यादा दमखम नहीं दिखा सकीं। करियर की शुरुआत में उन्होंने अपने लिए आई हेट लव स्टोरीज, आयशा, थैंक्यू, मौसम जैसी फिल्में चुनीं। इन फिल्मों में सोनम के अभिनय की आलोचना ही हुई। दर्शकों ने भी इन्हें खास पसंद नहीं किया।
हालांकि, आलोचनाओं के बाद भी सोनम ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा और खुद को व्यस्त ही रखा। 2009 की फिल्म दिल्ली 6 से सोनम ने चर्चा बटोरी थी। वहीं 2013 की फिल्म रांझणा उनकी सबसे ज्यादा पसंद की जाने वाली फिल्मों में से एक है। 2016 की उनकी फिल्म नीरजा को बेस्ट फीचर फिल्म का राष्ट्रीय पुरस्कार मिला था। पैडमैन और संजू जैसी फिल्मों में छोटी भूमिकाओं में उनकी उपस्थिति को सराहना मिली।
इन 15 सालों में ये सितारे निजी जिंदगी से चर्चा में रहे। दीपिका का नाम शुरुआत में क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी के साथ जुड़ा। इसके बाद दीपिका और रणबीर प्रशंसकों के पसंदीदा कपल्स में से एक बन गए। 2018 में उन्होंने रणवीर सिंह से शादी की। दीपिका से अलग होने के बाद रणबीर का नाम कैटरीना कैफ से जुड़ा। इसी साल उन्होंने आलिया भट्ट से शादी की है। सोनम कपूर ने 2018 में बिजनसमैन आनंद आहूजा से शादी की थी।
००

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More